गुरुवार, 24 जनवरी 2013

ज़बान वाले गूँगे हैं हम

कपड़े पहनकर नँगे है हम

लोकतंत्र की बैसाखी वाले

लंगड़े है हम

काले मुँह वालों की

जनता हैं हम

सुनो आज़ाद हैं हम

-संध्या यादव
चलो अब बहुत हुआ ये
दूसरों को जगाने से
बेहतर है
ढूंढ लिए जायें
अपने जीवन के
हर दायरे के कर्त्तव्य
और जी जान से जुट जायें
उन्हें अंजाम तक पहुँचाने में
ताकि कल को कोई
छींट अगर उठे तुम्हारी तरफ़
तो उसे साफ़ कर सको
बिना किसी से आँखें चुराए
-संध्या यादव
सुनहरे से गुलाबी हो जाता है

हरसिंगार की सबसे ऊँची फुनगी पर

नयी कोंपल सहमी हुई बाहर आती है

छोटी बहना हठ करके जब

सरसों के पीले खेत दिखाती है

जाड़े की बारिश में भीगते हुए जब

तुम्हारे शहर की चाय याद आती है

और हर बूँद तस्वीर तुम्हारी लाती है

लम्बा इँतज़ार और कुछ पल की मुलाक़ात के बाद

जब स्टेशन की भीड़ छँट जाती है

अहाते में फिर से बुलबुल की

आवाजाही बढ़ जाती है

नोटबुक की एक नज़्म जब

पतझड़ों से न डरने की हिदायत दे जाती है

तुम्हारी यादों के हस्ताक्षर से साथी

बसंत की ख़ुशबू आती है
-संध्या
मैंने कई बार सपनों की गहराई में

चुपके से गोते लगाये हैं

हर बार हाथ आता है

तुम्हारी यादों का मोती
जिसे रख लेती हूँ

मन की पोटली में छिपाकर

सांस रोके खोजती हूँ

निपट अँधेरों में...

पर अफ़सोस कोई रास्ता

तुम तक नहीं जाता

कोई साँकल ढीली नहीं पड़ती

और न ही कोई कुँडी सरकती है

मौन साधे बस कुछ गलियाँ हैं

जिन पर चला जा सकता है

ताउम्र अकेले फ़ासले बनाकर

-संध्या यादव
ज़रा हौले से

हल्के हाथों से

आहिस्ता आहिस्ता हटाना

सपनों का ये ट्रेसिंग पेपर

जो अब मेरे भी हैं

जिन्हें सजाते हुए

मैंनें सदियाँ जी हैं

जिनमें हमारी साँसे हैं

धड़कनों का अनहद शोर है

जहाँ नरकुल की तरह

वक़्त खड़ा है

सिवार की तरह

ज़िंदगी उतराती है

जहाँ पीठ दिखाकर

अँधियारा पाख बैठता है

जहां तुम फैले हो

कच्ची धूप की तरह

और मुझमें समा जाते हो

कुनकुनाहट के साथ

-संध्या यादव
हम क्यूँ कहें कि बिन तेरे मर जायेंगे
जिंदा रहकर उनकी ख़बर तो पायेंगे

बसंत की ख़ातिर पतझड़ों से ये कोफ़्त कैसी
शाख़ से टूटकर पत्ते किधर जायेंगे

सुना है रातें बड़े शहरों की सोती नहीं
कुछ सपने बिकने अँधेरों में आँयेंगे

औरों से इश्क़ की ये बात अच्छी है
हमसे भी बनाये रखो,सँभल जायेंगे

अब नाकें हो गयीं हिंदू मुसलमान आदमी की
साँस लेने किस हवा में जायेंगे

-संध्या यादव
आज जब मां ने फिर परबतिया की बात छेड़ी तो साधना असहज हो उठी। तेजी से अपने स्टडी रुम मेँ उठकर चली गयी। और उसकी उँगलियोँ की पोरें किताबों पर वैसे ही थिरकने लगी जैसे कोई गिटारिस्ट गिटार बजाता है। ये कोई नयी बात नहीं थी ऐसा वो अक्सर करती है। पर आज उसके मन में भावनाओँ का कुम्भ था जिसमें डुबकी लगाकर मोक्ष प्राप्त कर लेना चाहती थी।

-संभवतः लिखी जा रही कहानी से