गुरुवार, 30 मई 2013

छंटाक भर की छोकरी

बड़ा ग़ुरूर है उसे

जाने किस बात पर

ठोकर मारती

उस हर चीज़ को

जो लिपटी है

सहानुभूतियों की चाशनी में

अव्वल सनकी

महीना भर होने को आया

आईना नहीं देखा

उसकी जगह कमरें में

एक तस्वीर सजा रखी है

-संध्या

मंगलवार, 21 मई 2013


(......इस कविता का मैंने कोई नाम नहीं रखा है बस भिन्न भीं परिस्थितियों वाले घरों के संवाद को कविता के रूप में प्रस्तुत करने का छोटा सा प्रयास भर  है....)

अच्छा किया जो नहीं आए तुम

मैं यहाँ सब संभाल लूंगी

मां बीमार है

गुड़िया के कॉन्वेंट स्कूल में

एक्स्ट्रा को कैरिकुलर एक्टिविटीज़ की

फीस अलग से लगेगी इस बार

थाली रोज़ अगती हूँ तुम्हारी

खाने की मेज पर

मुझे पसंद नहीं फिर जाने क्यूँ

बिना नागा किये चखती हूँ

तुम्हारा पसंदीदा खीरे का रायता

मैंने नौकरी छोड़ दी है

बॉस तलाशने लगा था आजकल

दूसरी संभावनाएं

पैसे थोड़े ज्यादा डाल देना

अकाउंट में

बाक़ी मैं ठीक हूँ

ये मुआ कौव्वा रोज़ आकर

बैठ जाता है मुंडेर पर

सवेरे ही अख़बार वाला

फेंक गया है ये खबर दरवाज़े पर

इस साल देर से दस्तक देगा

मॉनसून

-संध्या






शनिवार, 18 मई 2013

कई मैं और कई तुम ..........




तुमने मान लिया था

अलग नही है हम

तभी एक दिन

ट्रुथ एंड डेयर के खेल में

हमने पहने एक दूसरे के मन

जब तुम तर्जनी मे पड़ा लोहे का छल्ला

घुमाते हुए लगाते थे हिसाब

पहली डेट से लेकर हर चीज़ का

और मैं मज़े से पढ़ा करती थी

दास कैपिटल.........

तुम ईद के चाँद में भी

देख लिया करते थे

मेरा पूरा चेहरा जाने कैसे

तारे कातती चरखे वाली बुढ़िया

मुँह चिढ़ाती

सबकी नज़रों से बचाकर तुम चाँद

नज़रभर के देखते

और ठीक उसी समय मैं चाँद बेचकर

परदेस चली जाया करती थी

आसमान कमाने....

अलग होना जुड़ने की पहली शर्त

तुम गवाह बनाते हवा, पानी,

बादल,इंतज़ार शाम,सहर

और घड़ी के पेंडुलम को

सकुचाकर इशारे से जताते कि बहुत

पक्की होती है काँच की फ़िरोज़ाबादी चूड़ियाँ

.और मैं रुखाई से थमाकर मुख़्तारनामा

याद दिलाती नाज़ुक बेड़ियां मुझे पसंद नही

प्रेम उभयनिष्ट था दोनों के बीच

तुम नाम पूछते तो

मेरा जवाब प्रेम

साथ चलते नदी के दो किनारे

बीच में बहता पानी प्रेम था

संतुलन साधे एक एक बूँद सहेजे

किनारे रूठ जाते

तुम पुल बुनते संवादों का

और मैं 'भाड में जाओ कहकर'

सो जाया करती तुम्हारा

चुराया हुआ कुरता पहनकर

....... ( जब तुम, तुम नहीं थे और मैं, मैं नहीं थी.....तब तुम मैं थी और मैं तुम)  


- संध्या






 

मंगलवार, 23 अप्रैल 2013

वह दीवाना था

मछलियों की रंगीन पीठ का

और पानी मछलियों का ऑक्सीजन

उसने नाख़ूनों से शल्क खुरचकर

बख़्श दी उनकी जान

-संध्या
खोट ना मुझमें थी ना तुममें,ये वक़्त था जो घूम रहा था घड़ी की सुईयों मे,कुछ समझौते बुनियाद थे हमारी आपसी समझ के,हम हमेशा त्रिभुज के अलग कोने होंगे अगर दुनिया को तिकोना मान लिया जाये,तारीख़ें वही रहेगी बस कैलेण्डर और साल बदल जायेगें
-सत्य के नितांत अपने प्रयोग
सपनों से कह दिया है

सो जाना तुम सब

आज आँखे उनींदी रहेंगी

-संध्या
सुबह आदतन थी
आसमान का सूरज भी
वही सदियों पुराना
आग जिसे खोजा था
दो बेडौल पत्थरों की रगड़ से
आदिमानव ने स्वार्थ हेतु
उसे दरकिनार कर उत्तल लेंस से
सूरज की किरणों को साधकर
वो तमाम ख़त जिनमें
श्रद्धा मनु,आदम हव्वा साथ थे
जला दिया गया है
किसी एक मैं को
-संध्या