गुरुवार, 30 मई 2013

एक घर कच्ची दीवारों का .......न न कच्ची मिटटी का.....घास फूस का दरवाज़ा... ..दीवारें घेर दी गयीं गोबर, गेरू और चौलीठे से........... चूल्हे की आग, खाली पतीली से उफनाई दाल की महक....दिन भर धुप में खटते मुखिया के .......पसीने का नमक ...... ताख में सजा घरैतिन के सुहाग का सामान............... बेश क़ीमती साजो-सामान था उसमें................................. आज सूर्य ग्रहण था.

-संध्या

(चित्र गूगल गुरु से साभार)
ये सिर्फ़ क़िस्सा था

सदियों के बीच

जो निबाहता है आज भी

हिस्सा अपना अपना

वरना चाँद आसमाँ में कभी

उगा नहीं और

सूरज मर गया होता

कब का

समंदर के पानियों में

डूबकर

-संध्या
चोर सिपाही के खेल में

तुम हमेशा बादशाह की भूमिका में थे

वक़्त वजीर था

इसमेँ कोई संदेह नहीं

जो लरजां कर लेता था

तुम्हारी हर अदा

वो चोर मन ही था

ज़रा एक बात बताओ

पहरेदारी पर किसे बिठाया था

-संध्या
मेरी उड़ान बस वहीं तक है

ज़मीन दिखे जहां से

नीचे छोड़ आयी हूं

वहां उसे मांझा सँभाले

-संध्या
सिकड़ी और ऐट मैट खेलते हुए

सबसे ज़्यादा घर तुमने बसाये

मैंने तो साथी बनकर

बस मदद भर की

-संध्या
तुम्हारे शहर में

हवाओं की गति

भावनाओं का गुरुत्वाकर्षण

बंधन के समीकरण

समय का दाब और

प्रेम की गतिज ऊर्जा

लम्बरदार...

बरनौली की प्रमेय से

हवाई जहाज उड़ा करते हैं

प्रेम की पतंगें नहीं

-संध्या
मेरी पसंदीदा लेखिका की

क़िताबें

ताँबे की एक मूरत

रुपये का एक सिक्का

क़ागज़ पर लिक्खा एक शेर

बस इतना सा मेरा सामान है

-संध्या