गुरुवार, 24 जनवरी 2013

बहुत बड़ी चीज़ मांग रही हूँ तुमसे
वचन दो कि तुम
हिम्मत रखोगी
बाकियों की तरह
कमज़ोर नहीं पड़ोगी
आत्महत्या कर दोगी
अपनी उस सोच का
जो कहती है कि
स्त्री की शुचिता उसकी देह से
जुड़ी है
बहुत मुश्किल है लेकिन फिर भी
उम्मीद है करती हूँ कि
तुम दोगुनी इच्छाशक्ति के साथ जियोगी
क्योंकि जी रही है
अरुणा शानबाग भी
तुम अपनी, उसकी और हम सबकी
लड़ाई लड़ोगी और पूछोगी
एक सवाल
कि आख़िर क्यों दिलवालों के शहर में
घूमते हैं कुछ लोग
पैरों में दिलों के जूते पहनकर
(दिल्ली मेँ गैंगरेप की शिकार उस लड़की के लिए)
-संध्या यादव
जब चेहरे शहरों के सलोने हो गये
क़द इंसानियत के बौने हो गये
-संध्या





कोई तकता होगा राह मेरी भी
आरज़ू लिए उम्र भर चलते रहे
-संध्या यादव
उफ़ान पर है लहू इस क़दर

चढ़ाकर देख लो अपनी कोई भी हाँडी

तुम्हारे कानों का ठंडा शीशा

न पिघला दे तो कहना

-संध्या यादव
मौत फिर किसी से हारी है
और आईने मेँ हैरान
ज़िंदगी का चेहरा
झक सफेद है
-संध्या यादव(दामिनी की याद में)
नपुंसक हो चुकी हैं अगर

ये सरकारें

तो लगा लें धाराएँ

अपने अपने सेहन में

फ़िलहाल हमारे दिलों में

अभी खिड़कियाँ बाक़ी हैं

अगर मर चुका है

तुम्हारी आँखों का पानी

और उतर गया है सीधे नसों में

तो मत भोगो सत्ता के अधिकार

लहू में हमारे अभी बहुत

लोहा बाक़ी है

-संध्या यादव
ज़बान वाले गूँगे हैं हम

कपड़े पहनकर नँगे है हम

लोकतंत्र की बैसाखी वाले

लंगड़े है हम

काले मुँह वालों की

जनता हैं हम

सुनो आज़ाद हैं हम

-संध्या यादव
चलो अब बहुत हुआ ये
दूसरों को जगाने से
बेहतर है
ढूंढ लिए जायें
अपने जीवन के
हर दायरे के कर्त्तव्य
और जी जान से जुट जायें
उन्हें अंजाम तक पहुँचाने में
ताकि कल को कोई
छींट अगर उठे तुम्हारी तरफ़
तो उसे साफ़ कर सको
बिना किसी से आँखें चुराए
-संध्या यादव