गुरुवार, 28 फ़रवरी 2013

मैंने कोई डायरी नहीं लिखी

तुमसे मिलने के बाद

जानते हो ...पन्नों पर

सिर्फ़ हिसाब- क़िताब लिखे जाते हैं

क्यूंकि मेरे तुम्हारे सिवा

कोई और न समझ सकेगा

वो सांसे लेती नोटबुक वाली बात

रूपये भर की पगार वाली

नौकरी की बात

...............................संध्या

सपनों की भ्रूणहत्या के बाद

जला दिये वो सभी साक्ष्य

जो दुनिया की ओर इशारा करते थे

उसकी नाराज़गी ख़ुद से थी

इसलिए छोड़े गये नोट में लिखा
.
.
.
अपनी मौत का ज़िम्मेदार ख़ुद हूँ

-संध्या यादव
सालों ढूँढता फिरा था

खण्डहरों, गुफाओं और शिलालेखों में

धरती में दफ़न पुराने जीवन के निशान

अंत में सभ्यता मिली

भोजपत्रों, क़िताबो व अख़बारों में

-संध्या
कुछ की स्मृतियाँ

क़िताबें,

मोमबत्ती की रौशनी,

कुछ स्याही से रंगे

कुछ सादे पन्ने,

और कुछ तस्वीरें

कैसे कह दूँ कि
.
.
.
रात अकेली गुज़री

-संध्या
मरा लोहा फ़ौलादी है

जश्न मनाता है पीठ पर पड़ते

हथौड़े की हर चोट का

जिंदा रहा तो गला देगा ख़ुद को
.
.
.
बेहतर है कि साँस लेना छोड़ दे

-संध्या यादव
बाहर दालान में बैठे अगले छः जन्मों के प्राणनाथ जब 'सुनती होऽऽऽ' की हाँक लगाते हैं तो 'सुनती हो' सारा कुटना पीसना छोड़ छाड़कर साढ़े छः मीटर की साड़ी, डेढ़ हाथ का घूँघट, हाथों में पाँच दर्जन चूड़ियाँ, ढाई सौ ग्राम की पाजेब और न जाने क्या क्या पहने एक पैर पे चकरघिन्नी की तरह गिरती पड़ती दौड़ी चली आती हैं।बाहर वाले फलाने की दुलहिन और जब तरक्की हो जाये तो चुन्नू की महतारी हो जायें। लगता है जैसे 'सुनती हो' के माँ बाप ने उनका कोई नाम ही नहीं रखा कभी।
इन पंछियों को कौन समझाए

चले आते हैं दूर देश से

चुग्गे की तलाश में

दो देशों की सरहदों के बीच

नो मेंस लैंड के आसमान में उड़कर

-संध्या यादव