गुरुवार, 7 जून 2012

चलो कुछ क्रिएटिव करें



लो जी संसद में कॉपी राईट एक्ट पास हो गया और फायदा जिसका ये हुआ कि आप किसी  के पहले वाले काम की चोरी नहीं कर पाएंगे.जैसे दो पडोसी आपस में कटाजुझौव्वर कर रहे हैं.एक दावा करे कि पूरे मोहल्ले में बीवी से पीटने वाला वो पहला है इतने में दूसरा झट से चिल्लाये नहीं रे तुझसे पहले मैं था.. ये क्रिए..टिबिटी का सवाल है इसलिए सब पर समान रूप से लागुएमान है. अब से जो कुछ भी नया और पहली बार होगा क्रिए..टिबिटी यानि की रचनात्मक माना जायेगा. क्रिए..टिबिटी का कानून बनने इस अदने से मन मस्तिष्क में कुछ दृश्य बन रहे हैं.

दृश्य एक-सभी राजनीतिक पार्टियाँ अपने पे उतर आयीं हैं. अभी तक सेना टाईप की पार्टियाँ ही खुल्ले में हंगामा करती थीं पर अब भाजपा के साथ साथ कांग्रेस ने भी कब्ब से डुबकी लगा दी है. भाजपा त्रिशूल और सेना सहित चिल्लपों मचा रही है कि घोटालों का सारा क्रेडिट कॉँग्रेस ही ले जाये ऐसा कैसे हो सकता है. अगर दस्तावेज़ बाकी बचे होंगे तो जाँच से ये साफ़ पता चल जायेगा कि घोटालों की शुरुआत हमीं से मानी जाये. इस दलाली भरी दलील पर पर कॉँग्रेस चीयरलीडर्स सी कुलांचे भरती है और अपने निकनेम का हवाला देते हुए कहती है कि इस मामले में जो भी कहेंगे सच कहेंगे.आखिर इतने बड़े बड़े घपलों का खुलासा हमारी सरकार में हुआ तो क्रेडिट हमहीं को जावे. इतनी चू-चपड़ के बाद मेरे द्वारा स्वविवेक से यह मान लिया गया है कि जिस प्रकार से सूर, तुलसी के जन्मस्थान  को  एक किवदंती के अनुसार निर्धारित किया जाता रहा है. ठीक उसी प्रकार सबसे 'पहले और सबसे बड़े घोटाले का जन्म खान और किस सरकार में हुआ इसका पता नहीं लगाया जा सकता है.

दृश्य २-परधानी के बाद अब निकाय चुनावों में एक नयी परकार की रचनात्मक पुरवईया चल रही है. क्रिए..टिबिटी का भण्डार चुनावी पोस्टरों में साफ़ देखा जा सकता है. जहाँ महिला प्रत्याशी हाथ जोड़े फोटू ऐंचवा रही है जो घर में भी हाथ जोड़े रहती हैं और फोटू में भी. साथ में महिला का पति भी लगता है पहली दफ़ा शादी के सात फेरों का पालन तटस्थ भाव से करता दिख रहा है और सेम सेवाभाव से हाथ जोड़े खड़ा है. इसके अलावा वोट मांगने के लिए जिन दयनीय शब्दों का प्रयोग किया जाता है उसके आगे तो अव्वल दर्जे के भिखारी भी शरमा जायें. इसे निम्नलिखित डेमो के द्वारा समझा जा सकता है-

प्रिय जनता आपके चरणों में आजीवन सेवारत क्षेत्र के इमानदार प्रत्याशी को भरी मतों से विजयी बनाएं.

दृश्य ३- प्रीतम और अनु मालिक जैसे कुछ धुन और स्टोरी चोट्टों को छोड़ तो बॉलीवुड रचनात्मकता का सबसे बड़ा खरीददार और बेंचूलाल है. जितना सम्मान वो मधुबाला और मीना कुमारी को देता है उसी भाव से वीना और पाउली डैम को भी देता है. इस तरह की विशेष श्रेणी की रचनात्मकता को नेता लोग संसद में देखकर सम्मान देते हैं.यानि बात संसद में कॉपीराईट एक्ट के पास होने से शुरू हुयी थी और अंत में संसद में रचनात्मकता के सम्मान पर आकर रुकी.पाठकों से निवेदन है कि वे मेरी ज़बरदस्ती का लेखक बनने की हुज्जत को इस लेख को पढक़र सम्मान दें.भई!आखिर रचनात्मकता तो आखिर रचनात्मकता होती है न.

पहले बोरियां बनाइये फिर अनाज उगाइये


देश तमंचे खरीदने में लगा है. ए. के .सैतालिस बोर का तो कभी इत्ते बोर का को कभी उत्ते बोर का. रक्षामंत्री और प्रधान मंत्री के साथ साथ कृषि मंत्री जी को सनद रहे कि इस देश में बोर टाईप की ही एक और चीज़ की बड़ी सख्त ज़रूरत है और वो है बोरियों की. ऐसा नहीं है की देश में बोरिया उत्पादन की टेक्नोलॉजी नहीं है.घोटाले के रूपये भरने के लिए बोरियां हैं,मर्डर करके लाशे फेंकने के लिए हैं, पत्थर की मूर्तियों को ढंकने के लिए हैं, पडोसी देशों को निर्यात करने को हैं और जहाँ जहाँ बोरियों की अखिल भारतीय आवश्यकता है वहां बोरियों की कमी नहींपर अनाज भरने को बोरियों की कमती है इस देश में. किसान ने अपना कम कर दिया बिना फल की इच्छा किये. पर सरकारें जो हैं न ये तो सांस भी बिना मतलब के नहीं लेती हैं तो बोरियां कहाँ से देने लगी. सुनने .में तो ये भी आया है कि गेंहूं कि इस साल बंपर कचैंधर मची है जिसके कारण सरकार ने उसे निर्यात करने का निर्णय लिया है. मतलब अनाज रखने का जुगाड़ नहीं करेंगे पर बेंच देंगे.बंपर उत्पादन तो घोटालों,नेताओं और झूठे चुनावी वादों का भी होता है वो सब भी थोक में भेज दें. फिर भी न समझ आये तो चाईना से सस्ती टेकनीक वाले सस्ते बोरे ले लो. वो तो कबसे तैयार बैठा है लंगोट से लेकर बोरे तक से दुनिया भर कजे बाज़ार पाट देगा.रूस से बोरा टेकनीक लेने में थोडा पेंच फंस सकता है वो संयुक्त तकनीक से बोरिया उत्पादन करेगा और हमारे बोरिया वैज्ञानिकों के हाथ बस उसकी सिलाई लगेगी. या फिर बोरिया लीज पर देगा. ये मान के चलो कि सीधे सीधे कुछ नहीं देगा. अनाज पड़े  पड़े सड़ जाए, चूहे खा लें, किसानों को उसके दाम न मिले पर गरीबों में नहीं बाँट सकता है. बंटेगा तो गरीब कितने हैं ये भी पता चल जायेगा न.  तो कुल मिलकर सार यह है कि देश आतंकवाद, नक्सल,अशिक्षा,नेतागिरी और पडोसी देशों के साथ साथ बोरिया समस्या से भी जूझ रहा है.और ये समस्या राष्ट्रीय समस्या है क्यूंकि बीते दिन नहीं भूलने चाहिए जब हम अमरीका के सामने लबराते हुए ताका करते थे. हालत अब भी काफी हद तक वही है तब अनाज के लिए अटकते थे और अब हथियार और पकिस्तान कि कान खिंचाई के लीये.अगर बोरियों कि समस्या से ऐसे ही देश जूझता रहा तो एक विदेश नीति बनानी पड़ेगी बोरिया खरीदने की. जैसे अनाज की उत्पादन बढ़ने के लीये हरित क्रांति, दूध उत्पादन के लीये श्वेत क्रांति को पंचवर्षीय योजना के तहत चलाया गया अब  योजना बोरिया क्रांति का समय आ चुका है.पहले बोरिया उत्पादन  करो फिर अनाज उत्पादन.

चिगी मिगी मिग

मिग ले लो मिग, मिग ले लो मिग. पुराना टूटा फूटा अन्दर से खोखला, संयुक्त प्रयास से बना मिग. मिग २१ लो या २९ सबका एक ही काम, एक ही खूबी. रूस आवाज़ लगा लगाकर बेंच रहा है और भारत उसे पाने के लिए मचलता रहता है कि रसिया मैं तो मिग वाला खिलौना लेहौं. भले ही एयरपोर्ट पर सजावट के लिए खड़ा कर दूं, पडोसी को डराऊं कि मेरे पास मिग ही तेरे पास क्या है । । हैं।  खूबी तो सुनो ऐसा वैसा मिग नहीं है। । । पहली बात तो आसानी से उड़ता नहीं और जब स्टार्ट हो जाता है तो बीच आसमान में धोखा देता है।  बेचारा पायलट चेन पुलिंग भी नहीं कर सकता। जान तो जाती ही है उस पर से इलज़ाम भी उसी पर। होना तो ऐसा चाहिए कि मिग पर लर्निंग लिखवा लें जिससे दुर्घटना होने पर कोई लोचा न होने पाए।  खिडक़ी खोल कर भागा भी नहीं जाता।  ये तरकश का वो दिखाऊ तीर है जिसे रखने में बड़ा खर्च आता है।  हमारे जो सैनिक अकेले दम पर दस दस आदमियों पर भारी पड़ते हैं वो इस मिगनुमा खिलौने से हार जाते हैं।  एक बात तो तय है कि जाको राखे मिग मियां मार सके न कोय।  रूस बेचारा क्या करे उसके यहाँ जगह कम पड़ जाती है इसीलिए इण्डिया से कह देता है कि बहन रख लो बाद में दे देना तुम पर हमें पूरा भरोसा है।  पैसे न हो तो  पायलटों की जान के बदले ले लो।  पायलट की जान तो तुम्हारे यहाँ वैसे भी सस्ती है।  उन्हें दे देना कोई पदक वदक या पेट्रोल पम्प।  बड़े साहसी होते है तुम्हारे पायलट जिनको उड़ाने का खतरा हम नहीं उठाते उन्हें तुम पैसे देकर उठती हो।  बदले में ऐलान कर देंगे कि संयुक्त तकनीक से बनाया है।  भले ही तुम खाली नट बोल्ट कसना पर बनेगा तो संयुक्त तकनीक से न।  संयुक्त तकनीक भी बड़े काम की चीज होती है। हमारे यहाँ ये खूब चलन में है। जब विमान संयुक्त रूप से बनते हैं तो बहुत कुछ संयुक्त रूप से होता है जैसे पैसे का लेन देन। खरीद के कागज़ भी संयुक्त रूप से बांट दिए जाते हैं जिससे कि किसी एक को जवाब न देना पड़े।  जाँच हो तो संयुक्त रूप से कागज़ चोरी हो जायें।  अब तो समझ में आ गया हो कि मिग कोई ऐसा वैसा खिलौना नहीं है।  संयुक्त तकनीक वाला खिलौना है।  तो मिग ले लो मिग, संयुक्त तकनीक वाला मिग।    

तरक्की आखिर किस कीमत पर

                   

         पिछले कुछ दशकों में इंसान ने बहुत तेज़ी से तरक्की की है। ये तरक्की उसके रहन-सहन से लेकर जीवन के हर क्षेत्र में परिलक्षित होती है। विज्ञान और तकनीक के दम पर मानव ने जीवन को आसान और बेहतर बनाया है। समाचार पत्रों में हर दिन ऐसी खबरें छपती हैं जो नयी तकनीक व अविष्कारों से सम्बंधित होती हैं और जीवन अधिक बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इन सबका एक अन्य पहलू यह भी है कि ऐसा कोई दिन खाली नहीं जाता जब हमें ये सुनने को न मिले कि आज फलां जगह किसी ने आत्महत्या कर ली, तो कोई रिश्तों कि परवाह किये बिना पैसों के लिए अपनों को ही मौत के घाट उतार देता है। पिछले कुछ दिनों में ऐसी ही खबरें सुनने को मिलीं जो समाचार पत्रों के लिए एक या दो कॉलम की सामान्य खबर की तरह ही रहीं पर यदि इन घटनाओं की तह में जाने की कोशिश करें तो पाएंगे कि हमारे सामाजिक मूल्यों और ढांचे में ऐसा बदलाव आ रहा है जो हमें कुंठा और हताशा के गहरे गर्त में धकेल रहा है। लखनऊ के गाजीपुर में 19 मई को 62 की उम्र में  निर्मल मुखर्जी ने फांसी लगा ली,कारण घर बनवाने के लिए बैंक से लिया गया कज़ऱ् नहीं चुका सके। इसी तरह एक युवक ने महज़ इस वजह से मौत को गले लगा लिया क्योंकि काम पर न जाने को लेकर उसकी मां ने डाँटा था। कानपुर में एक 25 वर्षीय युवक ने बेरोजगारी से तंग आकर खुद को गोली मार ली और आगरा में 6 माह की बच्ची के साथ हुई दुराचार की घटना ने तो इंसानी हैवानियत की सारी हदों को पार कर दिया। ये सभी घटनाएं समाज में अपनी जड़ें जमाती कुंठा का नतीजा हैं। मनुष्य अपनी सारी समस्याओं और दुश्वारियों का हल एकमात्र आत्महत्या में तलाशने लग गया है। प्रेम-संबंधों में असफलता हो या बेरोजगारी या फिर घरेलू-कलह इन सबका हल आत्महत्या द्वारा चाहते हैं। आज जब हम इक्कीसवीं सदी में प्रवेश कर चुके हैं, 2020 तक भारत विकसित राष्ट्र बनने का सपना संजोये हैं और रक्षा उपकरणों के विश्व में सबसे बड़े खरीदार होने के साथ-साथ एक के बाद एक मिसाइलों का परीक्षण कर दुनिया को अचंभित कर रहे हैं। जिस देश को विश्व गुरु माना जाता है और पश्चिमी देश भी उसके आध्यात्मिक ज्ञान का लोहा मानते हों, वहां के समाज में इस तरह का अवसाद पनप रहा है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर किस तरक्की की ओर हम भाग रहे हैं? ऐसी उन्नति के क्या वाकई कोई मायने हैं जो मानसिक शांति न दे सके। यक़ीनन ओवन में  हमें खाना गर्म रखने की सुविधा विज्ञान ने दी लेकिन रात को चौके में बिठाकर मां के हाथों से रोटी खाने का सुख हमें दुनिया की कोई भी तकनीक नहीं दे सकती।रोबोट हमारे रोजमर्रा के सभी काम निपटा देगा पर रिश्तों की गर्माहट और सुरक्षा का भाव नहीं दे सकेगा। एक क्लिक पर हम दुनियाभर की खबर रखते हैं। एन्जिलिना जोली क्या खाती और क्या पहनती हैं ये तो हमें पता रहता है पर पड़ोस में कब कोई मर जाता है इसकी जानकारी हमें नहीं होती। फेसबुक पर हम वर्चुअल समाज के चौबीसों घंटे सक्रिय सदस्य हैं। शायद बेहद निजी पलों को छोडक़र हर पल की खबर स्टेटस अपडेट का हिस्सा है। वास्तविक समाज से कब कट गए इसकी भनक तक नहीं लगी। विज्ञान ने जहाँ जीवन को बेहतर बनाया है वहीं इसके दुष्प्रभाव भी कम नहीं हैं। भ्रूणहत्या, विनाशकारी हथियारों और नए-नए आधुनिक उपकरणों की चाहत में बढ़ता लालच अपराधों को बढ़ावा मिलता है। हमने विकास के पैमानों को पश्चिम की तजऱ् पर निर्धारित कर लिया है। इसे निर्धारित करने वाले पढ़े-लिखे लोग ये नहीं जानते कि ऑस्ट्रेलियाई किसान और भारतीय किसान को एक चश्मे से नहीं देखा जा सकता। जरुरी नहीं कि जो तकनीक वहां सफल हो यहाँ भी हो जाये। मानव सभ्यता के काले इतिहास में दर्ज हो चुके नागासाकी-हिरोशिमा की त्रासदी को कोई नहीं झुठला सकता और इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि इंसान तरक्की की चाहत में किसी भी हद तक जा सकता है। ये सही है की वक़त के साथ बदलाव बेहद जरुरी हो जाते हैं लेकिन किसी भी तरह के बदलाव के लिए तैयार होने से पहले इस बात पर ज़रूर गौर किया जाये कि आखिर ये बदलाव हम किस कीमत पार चाहते हैं? क्या अन्नदाता तमाम एकड़ उपजाऊ जमीन की कीमत पर या उनकी आत्महत्या के बदले, केजीएमयू में पढऩे वाले उस होनहार छात्र की जान के बदले जो अंग्रेजी न आने पर हीनभावना का शिकार था, या उन तमाम दोषियों को बेगुनाह छोडक़र जिनकी मानसिक कुंठा की शिकार मासूम बच्चियां तक बनती हैं? ऐसे तमाम सवाल हैं जिनके जवाब तरक्की की अंधाधुंध दौड़ में बहुत पीछे छूट गए हैं और हमारे तथाकथित सभ्य समाज को मुंह चिढ़ाते हैं।
                                                                 इन समस्यायों की वजह तलाशें तो कहा जाता है कि परिवार व्यक्ति की प्रथम पाठशाला होता है और  मां उसकी पहली शिक्षक। अफ़सोस की बात है कि इस पाठशाला पर टीवी संस्कृति हावी हो चुकी है। इस बुद्धू बक्से ने ड्राइंग रूम से ज्यादा हमारे संस्कारों में घुसपैठ की है,जिसके पारिवारिक सीरियल्स की कहानी प्रतिशोध, सास बहू के पारिवारिक झगड़ों और विवाहेतर संबंधों के इर्द-गिर्द घूमती है। ऐसी कहानियों संस्कारों की उम्मीद करना बेवकूफी होगी। घर के बाद बच्चा स्कूल में जीवन के नए पाठ सीखने जाता है। नब्बे प्रतिशत गांवों में बसने वाले भारत के स्कूल खस्ताहाल हैं। बुनियादी सुविधाओं के साथ शिक्षक भी इन स्कूलों से नदारद मिलते हैं। इससे इस बात का सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि हम शिक्षा के क्षेत्र में शून्य से भी कितने पीछे हैं। इन दो जगहों से अधकचरा ज्ञान लेकर जब बच्चे कॉलेज में पहुँचते हैं तो वहां भी उन्हें ठगा जाता है। एक सुसंस्कृत और सभ्य- समाज के लिए हमारे प्रयास कितने खोखले और कछुआ चाल से चल रहे हैं। इसका सुबूत देश में पनप रहे क्षेत्रवाद और नक्सलवाद जैसी समस्याओं से मिल जायेगा। इन सबसे ज्यादा जि़म्मेदारी हमारी खुद की बनती है। अगर हर नागरिक अपना काम ईमानदारी से करे तो आधी समस्याएं स्वत: हल हो जाएँगी।             
   

सोमवार, 28 मई 2012

अश्लीलता और श्लीलता के बीच का फर्क



पूनम पांडे,वीना मालिक, पाउली और ये वो नाम हैं जिनकी न तो शक्लें मिलती हैं  और न ही इनका आपस में कोई  रिश्ता है ;पर एक चीज जो इन चारों में कॉमन है वो है इनकी स्वयं तय की गयी श्लीलता..इन चारों ने सफलता के शिखर तक पहुँचने के लिए जो तरीका अपनाया है वो आसानी से गले उतरता  नहीं दिख रहा...पूनम पांडे; वीना मालिक और अब पाउली  डैम वैसे तीनों ने भारतीय दर्शकों मानसिकता  की नब्ज़ पकड़ी है. स्त्रीदेह हमेशा से ही हमारे समाज में चर्चा करने योग्य सर्वाधिक सुलभ विषय माना गया है.औरतें क्या पहनें, कितनी मात्रा में पहने,कितनी ढंकी और कितने इंच खुली रहे ये सभी विषय हमेशा से सामाजिक बतकूचन में शोध का विषय रहे है. पर दु:ख की बात यह है कि हम किसी नतीजे पर नहीं पहुँच पाए हैं .जो खुलापन अजंता एलोरा और दैवीय प्रतिमाओं के रूप में हमारी संस्कृति से मिला था उस सहेज कर न रख पाने का ही यह परिणाम है कि आज स्त्रीदेह को हम सहज तरीके से नहीं ले पा रहे. जब अजंता एलोरा की संस्कृति पर हम गर्व करते हैं तो क्यों पूनम और पाउली के नामों पर असहज होने लगते हैं. एक कहावत कही जाती है कि  स्त्री और धन छुपा कर रखने की चीज़ होती है. पर ये बात भी नहीं भूलने चाहिए कि स्त्री धन की तरह कोई खर्च करने की चीज़ भी नहीं है.और फिर हमने तो बाज़ारवाद को स्त्रीदेह का पूरक बनाकर रख दिया है.साबुन से लेकर शेविंग क्रीम तक का विज्ञापन कुछ भी बिना स्त्री के नहीं बिकता.अब तक स्त्री देह का प्रयोग जैसा बाज़ार चाहता था वैसा करता आ रहा था.ऐसे में अगर कुछ स्त्रियाँ अपनी देह पर अपना अधिकार चाहती हैं तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए. श्लीलता और अश्लीलता के बीच बड़ी झीनी परत होती है, हमारी नजऱों की और मानसिकता की अगर ऐसा न होता तो कृष्णलीला के गुणगान न करते. कोई क्या पहन रहा है ये उसकी निजता के विषय होने चाहिए चर्चा का विषय नहीं. कम कपड़ों को लेकर दलील ये दी जाती है कि इससे रेप के मामले बढ़ते हैं.अगर ऐसा होता तो बूढी महिओलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं नहीं होती.जहाँ चोली के पीछे क्या है, और खटिया सरकाने जैसे गाने साहित्यिक श्रेणी में आते हों और मजे की बात यह है कि पब्लिक उसे पसंद भी करती हो वहीँ ड्रेस कोड और डरती पिक्चर पर हाय तौबा मचाना नौटंकी लगता है.पर यह भी सच है कि खुलेपन का मतलब सिर्फ देहप्रदर्शन से नहीं लगाना चाहिए.खुलापन हमारी सोच और मानसिकता में होना चाहिए. जो समाज को वास्तव में कोई दिशा दे सके.

सोमवार, 30 अप्रैल 2012

जय बाघवातार जी


बाघ जी आप के शुभचरण क्या पड़े रहमानखेड़ा की धरती पावन हो गयी. पूरे 111 दिन का वास रहा इससे साबित होता है कि आप किसी ख़ासमखास उद्द्येश्य के साथ अवतरित हुए थे। बिना गड्ढे की सडक़ जैसे झलक दिखाकर गायब हो जाते थे। जब भी लगता की आपके होने का ये वहम भर है तो पोलियो के मामलों की तरह कभी यहाँ तो कभी वहां पाए जाते। वो कहावत भी तेल लेने चली गयी कि इलाका कुत्तों का होता है।। आपने घूम घूमकर अपना इलाका बता दिया। वो तो भला हुआ कि दिल्ली न गए वरना वो भी आपकी हो जाती। आप अवतरित न हुए होते तो पता भी न चलता कि बाघ बचे हैं। बाघ जी भला हो आपका। कुछ जनें बता रहे थे हमें कि आपके कारण उनकी जनरल नॉलेज बढ़ गयी। किताबों में पढ़ा था कि बाघ राष्ट्रीय पशु है आपकी कृपा से अब देख भी लिया। आपकी जि़म्मेदारी का भी जवाब नहीं बाघ जी,चुनाव से पहले आप अवतरित हुए,बाकायदा चुनाव करवाया और सरकार को कार्यभार दिलवा के गए हैं। आप तो नेता टाईप के शहंशाह निकले। अपनी आराम तलबी पर करोड़ों का खर्च करवाया। बाघावतार से ही वन विभाग कर्मचारियों का टैलेंट पता चला। बड़े दिनों से आपको शीशे में उतारने की कोशिश कर रहे थे पर चुल्लू भर पानी में उनके मुंह दिखाकर आपने औकातदर्शन करवाया कि बाघ पकडऩे चले हो फर्जी की मुठभेड़ करने नहीं। इसी बहाने हमारा हद निकम्मापन भी उसी चुल्लूभर पानी में उतराने लगा। टाईगर सफ़ारी के सपने उसी तरह से परवान चढ़े जैसे राहुल गाँधी के दम पर देश से गरीबी हटानी हो। वो तो भला हो कि आपने बैरक में लौट जाने का फैसला ले लिया वरना सेना बुलाने के आसार नजऱ आने लगे थे। हर तरह के आपरेशन में तो उसकी जरूरत पड़ती है। कभी प्रिंस आपरेशन तो कभी कोई और आपरेशन। कुछ दिनों में तो राशन की लाईन लगाने के लिए भी सेना न बुलानी पड़े। कईयों को आपने नक़ाब पहना दिया। जानवरों के नाम पर पेट भरने वाली पेटा दर्शन करने तक नहीं आई। पूनम पाँडे की तरह कोई चाल न चली सुखिऱ्यों में आने की ख़ातिर बस अपनी नैचुरल चाल चलते रहे। वनाधिकारी आपकी चरण रज माथे लगाते रहे और ताजे बासी के फेर में पड़े रहे। एक से एक पोज दिए कैमरे को, पर पिंजरे वाला दुर्लभ पोज 111 दिन बाद ही नसीब हुआ। रूपकली और चम्पाकली भी आयीं। पर बड़ा संयम बरता आपने भी दोनों के झांसे में नहीं आये। आपके बहाने नेताओं को भी कुछ एडवेंचरस करने का मौका मिल गया। जिनकी नेता बनते ही जान पर बन आती है, वो भी जनता की समस्या सुनने के नाम पर पिकनिक मना आये। अब जब भी बाघ आये तो घबराना मत क्योंकि किसी ख़ासमखास उद्दयेश्य के लिए अवतरित होगा। बाघ जी भला हो आपका जो हमारे ज्ञानचक्षु खोल दिए।

बुधवार, 25 अप्रैल 2012

प्लीज़ बनवा दीजिये न



बड़ा खऱाब समय चल रह है। अबकी बार शनि की साढ़े साती नहीं बल्कि मूर्तियों की साढ़े साती लगी हुयी हुई है। सडक़ पर पड़ी किसी भी चीज़ को हाथ लगाना मना है खासतौर पर पत्थरों को क्यूंकि धमाका हो सकता है। कोई भी पत्थर मूर्ति के रूप में निकल सकता है और पार्क के किसी पत्थर या मूर्ति को तो बिलकुल हाथ न लगइयो। पता चला हाथ यहाँ लगाया और दंगा पूरे देश में भडक़ गया। हमारी एक सलाह है आतंकियों को; बम धमाके करने की जगह बस जरा सा किसी मूर्ति को छेड़ दो फिर देखो। जब मूर्तियाँ निकलतीं हैं भारत भूमि से तब जो होता है वो दुनिया की किसी भी धरती पर नहीं होता। पहले मूर्तियाँ निकलती थीं तो मंदिर बनते थे इधर सुनने में आया है कि मूर्तियों के आस पास अस्पताल, कॉलेज बन सकते हैं। प्लीज़ हमारे यहाँ भी कोई मूर्ति लगवा दीजिये न।हम जनता बेचारी तरस गए हैं सस्ते और अच्छे अस्पतालों और स्कूलों को।।। जितने बीहड़ और गए गुजऱे टाईप के इलाके हैं सभी जगह बाबा साहेब, बहन जी और मान्यवर जी के बड़े वाले आदमकद प्लीज़ लगवा दीजिये न जिससे हमारी भी मुराद पूरी हो जाये। बड़ा अजीब शहर है जिंदा लोगों की परवाह नहीं और मुर्दों के नाम पर कटे मरे जाते हैं।रही बात मूर्तियों की तो इसकी गौरवशाली  परंपरा पाई जाती रही है हमारे यहाँ। राम लला वाली जन्मभूमि पर अस्पताल-स्कूल बनवाने की बात कब से चली आ रही है पर वहां के लिए किसी ने बीड़ा न उठाया। पार्कों में अस्पताल बनवाने की बात छिड़ी है, छिड़ी है तो बस छिड़ी ही रहेगी। जीते जागते इंसान नहीं मूर्तियाँ भी हिस्सा हैं राजनीति का तो मिर्ची तो लगनी ही थी ।मुर्दों की मूर्तियाँ होती तो न लगती। मूर्ति भी ऐसी वैसी नहीं है सिर्फ पर्स टांग रखा है पंद्रह लाख का। मुझे नए सीएम जी ने ये खबर दी। सीएम जी आपको कैसे पता कि मुख्य मंत्रियों के पर्स में इतने रूपये होते हैं। प्लीज़ हमें वो वाला पर्स दिलाइये नहीं बस दिखा दीजिये न। इतना बखत हो गया मुख्य  वाले मंत्री बने अब चुगली न करिए पिछली सरकार की। काम पे ध्यान दीजिये न। अब माया मोह छोडक़र जरा देख तो आईये पानी आ गया है शहर की टोटियों में.... कीड़ेवाला। अब बनवाने को सोच ही लिया है तो प्लीज़ पानी की व्यवस्था करवा दीजिये जिसे पीकर मरें न लोग, ऐसे अस्पताल बनवा दीजिये  जिसमें  डॉक्टर और दवाएं पाई जाती हों। ऐसे थानों की व्यवस्था कीजिये जहाँ के पुलिस वालों को कम से कम रिपोर्ट दर्ज करनी आती हों।कुछ नहीं तो मुख्यमंत्री जी प्लीज़ रहमान खेडा वाला बाघ ही पकडवा दीजिये न।मुख्य मंत्री जी सुन रहे हैं न आप प्लीज़ बनवा दीजिये....