बुधवार, 30 मार्च 2011

लिखा था जो कुछ बेख़याली में, भूल कर उसको
ज़िदगी; पहले सा वो जुनून न मांग.
  
फ़ेर लेना  नज़र उस ओर से  
 किसी रोते हुए बच्चे की भूख न मांग, 
मोम की इन उँगलियों से,
चट्टान से शब्दों की हूक न मांग. 
ज़िन्दगी; पहले सा वो जुनून न मांग .

रख ले तू पूरी चांदनी आज की रात,
सूरज से उसके हिस्से की धूप न मांग ,
लग जाये मेरी सारी उमर तुझको;ग़म नहीं,
 मुझसे मेरा वज़ूद न मांग      
ज़िन्दगी वो पहले सा जुनून न मांग.

फिर छाएंगे रंग पेड़ों पर पतझड़ के बाद,
परिंदों से नयी शाख़ पर ठिकाना न मांग,
हालात कुछ भी हों डर नहीं,
कम से कम मुर्दों से,
मेरे जिंदा होने का सुबूत न मांग 
ज़िन्दगी वो पहले सा जुनून न मांग. 






































रविवार, 27 मार्च 2011


                                          अजनबी नहीं कोई इस शहर में.................
 'हिंदी के मशहूर घुमंतू लेखक राहुल सांस्कृत्यायन कहा करते थे कि भले ही आपको किताबी ज्ञान न हो लेकिन अगर आप फक्कड़ी जीवन जीने में विश्वास रखते हैं , तो दुनिया भर का ज्ञान आपके पास होगा'. जिस लखनऊ  शहर में पैदा हुए , जब उसी शहर को घूमने के इरादे से से निकले तो सब अजनबी सा पाया. जो चीज़ें रोज़ नज़रों के सामने से बस यूँ ही निकल जाया करती थीं आज वो सब खास लग रही थीं. ऐसा लग रहा था कि रात कोई सपना देखा था और जो याद नहीं है. कैसा लगा मुझे तहजीब का शहर लखनऊ? मेरी नज़र से-

 सुबह घर से लखनऊ भ्रमण पर निकली. घर में सभी ने कहा यहाँ क्या देखने लायक क्या है? अक्सर हम घूमने के नाम पर सिर्फ मंदिरों में जाया करते हैं, लेकिन मैंने गांठ बांध ली थी कि कुछ भी हो आज सिर्फ घूमने के लिए जाउंगी. बख्शी का तालाब जो लखनऊ के लगभग दुसरे छोर पर है, कहा जाता है कि इसे राजा बख्शी ने बनवाया था. भारतीय संस्कृति में पानी पिलाना पुण्य का काम माना गया है और ये भारतीय संविधान में भी है कि पूरे भारत में किसी होटल में पानी का कोई अलग से पैसा नहीं पड़ेगा. इस तालाब को भी इसी उद्द्येश्य से बनवाया गया था. जानवरों के लिए एक पानी पीने के लिए एक अलग से रास्ता बनवाया गया था . सीढ़ियों से आप इस तालाब कि तली तक पहुँच सकते हैं, क्यांकि बाकी के तालाबों कि तरह ये भी अब सूख चुका है.
                                                                                       लखनवी तहजीब की झलक आपको इस शहर में कदम रखते ही देखने को मिलेगी. टैक्सी वाले आपसे पूछते हैं 'आइये कहाँ जायेंगी बैठिये'.यहाँ  बात आपसे शुरू होती है और हम पे ख़तम. लखनवी ज़ुबान आपको पहली नज़र में ही इस शहर का दीवाना बना देती है. ठीक आठ बजे हम सब टीले वाली मस्जिद में इकट्ठे हुए. यू.पी. के टूरिज्म विभाग की ओर से हमें लखनऊ भ्रमण का मौका मिला.हमारे गाईड आतिफ और नवेद ने हमें बताया की इसे नवाब आसिफ अली ने बनवाया था.गोमती नदी के ठीक किनारे स्थित ये मस्जिद उस जगह से ऊँचाई पर है ,इसीलिए इसे टीले वाली मस्जिद कहा गया. इसके अन्दर की दीवारों और छतों पर लाल- हरे रंग की पत्तियाँ उकेरी गयी हैं ,जो ईरानी -भारतीय स्थापत्य कला का बेजोड़ नमूना हैं .यहाँ पर हज़रत सैयद शाह की मन्नते पूरी करने  वाली दरगाह भी है. हालाँकि  गाईड इमरान हाश्मी की ज़िन्नों से जुडी बातें हमें महज़ किस्सागोई ही लगीं. हमने ये भी जाना की गोमती नदी मार्ग बदलती हुयी बहती है इसलिए इसे गोमती कहा गया. 
                                                                                       हमारा दूसरा पड़ाव बड़ा इमामबाडा था. इसके दरवाज़े इस तरह से बने हुए हैं की अन्दर बैठा व्यक्ति खुद तो अँधेरे में रहेगा लेकिन बाहर बाहर से आने वाले हर व्यक्ति पर  नज़र रख सकता है. इसके मुख्य द्वार पर हिन्दुओं में शुभ मानी जाने वाली मछलियाँ हैं और मस्जिद पर बने गुम्बद राजपूताना शैली में हैं.इस तरह से हिन्दू मुस्लिम एकता की मिसाल है. इमामबड़े से बाहर निकलते वक़्त मेरी नज़र इसके पीछे बनी झुग्गियों पर पड़ी.जो विलासिता और नवाबी शान की प्रतीक इस इमारत को मुंह चिढाती प्रतीत हो रही थी. थोड़ा और आगे बढने पर हमने देखा की एक व्यक्ति बिच्छू- सांप के काटने की दवाई बेंच रहा था.और लोग उसे विश्वास के साथ खरीद भी रहे थे.धरोहरों को संजो कर रखना तो ठीक है लेकिन इस सदी में इन नुस्खों से मर्ज़ ठीक होने की सोच से छुटकारा पा लेना ज़रूरी है. हमारे वेदों और समाज में सोमरस-पान की संस्कृति रही है.वक़्त के साथ तरीके अलग हो सकते हैं. यानि हम पहुँच गए थे लखनऊ की सौ साल पुरानी मशहूर 'राजा की ठंडाई की दूकान'  पर. यहाँ पर भांग वाली ठंडाई पीकर लोग लखनवी मिजाज़ के साथ लखनऊ की शामों का मज़ा लेते हैं. 
                                                                                'कितने नासमझ थे  हम जो पूरा मोहल्ला अपना समझते थे ;यहाँ तो हर घर की अलग कहानी निकली '. जब हम पुराने लखनऊ के टोलों की सैर पर निकले तो हर टोले का अपना इतिहास था. फूलों वाली गली, जिसमे गुलाब और बिजली के फूलों की हवा में फैली ख़ुशबू खुद ही अपनी पहचान बता रही थी. हमारे गाईड आतिफ ने हमें बताया कि यहाँ बने मकानों कि उपरी मंजिल पर मुज़रा करने वाली रहा करती थीं जहाँ लोग  वास्तव में तहजीब, उठने बैठने और बोलने के ढंग सीखने आया करते थे. आम भाषा में कहें तो इन तवायफों का कितना सम्मान था इस बात का अंदाजा इस बात से लगता है कि जब लोग इनकी महफ़िल में जाया करते थे तो फूल वाली गली से फूल लिया करते थे जो यहाँ के प्रसिद्ध मंदिरों में भी चढ़ते हैं. इसके अलावा हमने काले जी का राम मंदिर, शीतला मंदिर भी देखा.कटारी गली औजार बनाने के लिए प्रसिद्ध थी , जैसा कि नाम से ही ज़ाहिर है. नेपाली टोला में नेपाली मूल के लोग दुर्लभ जड़ीबूटियों का कारोबार करते हैं. एक और जो खास बात जो हमने जानी वो ये कि हर टोले के दो दरवाजे थे एक अन्दर आने का और टोला समाप्त होने पर दुसरे गेट से बंद होता था. हर टोले के घरों, दरवाज़ों और यहाँ तक कि तालों कि बनावट भी अलग थी. 
                                                             हमारा प्रमाणिक इतिहास आज़ादी के समय से ही मिलता है.  और आज़ादी कि महत्वपूर्ण लड़ाईयां लखनऊ शहर से भी लड़ी गयीं. फरंगी कोठी  आज़ादी के लिए हुयी बैठकों कि गवाह रही है.यहाँ रहने वाली नुसरत जी ने ने बताया कि गांधीजी, नेहरु और सरोजिनी नायडू ने भी इनमे हिस्सा लिया था. पश्चिम कि नक़ल करने में हमने अपनी कई चीज़ें यूँ ही गँवा दी , इसका जीता -जगता उदाहरण यूनानी  दवाखाना है.सरकार की कोई मदद न मिलने के कारण बदहाली कि क़गार पर है.इतना घूमने के बाद हमें ज़ोरों  कि भूक लग रही थी .जैसे ही हम असली लखनवी टुंडे कवाब और कुलचे वाली दूकान के पास पहुंचे हमारी भूख दोगुनी हो गयी. इस लज़ीज़ स्वाद के साथ ही हमारा लखनऊ भ्रमण पूरा हो गया. 
                                                                        ये लखनऊ कि सरज़मीं है. आप देश- देश घूमेंगे लेकिन लखनऊ आपको अजनबी नहीं लगेगा. यहाँ की चिकन- ज़रदोज़ी की कढाई को आप निहारे बिना रह नहीं रह सकेंगे तो दूसरी ओर तहजीब और नफासत ऐसी की गली भी लोग आप कहकर दे. यहाँ के खाने का स्वाद ऐसा की जब भी याद करे  तो मुंह में पानी आ जाये. इसलिए आप जब भी लखनऊ आयें तो खुद को एक अकेला  इस शहर में न समझें.                      






शुक्रवार, 25 मार्च 2011

book reveiw

The Alchemist Book Coverपुस्तक          - अल्केमिस्ट
लेखक           - पाओलो कोएलो 
हिंदी अनुवाद - कमलेश्वर 
प्रकाशन        - visdam ट्री
मूल्य             - १२५ रु  


सपनों को साकार करने की गज़ब इच्छाशक्ति के पीछे भागती कहानी 'अल्केमिस्ट', प्रसिद्ध ब्राजीली लेखक पाओलो  कोएलो ने लिखी है. ये कहानी दो भागों में बंटी है. 'अल्केमिस्ट' अर्थात कीमियागार यानी कि साधारण धातुओं को सोने में बदलने कि कला. पहला भाग कहानी के मुख्य पात्र सेंटियागो नाम के गरडिये से शुरू होती है. जो जीवन भर सिर्फ घूमना और घूमना चाहता है. एक दिन वह अपने पिता से कहता भी है- "तब यही सही मैं गरड़िया ही बनूँगा". लेकिन सेंटियागो के जीवन में मोड़ तब आता है, जब उसे सपने में एक लड़की दिखती है जो उसे पिरामिडों के देश मिस्र ले जाती है. इसका अर्थ जानने के लिए वह सपनों का अर्थ बताने वाली जिप्सी महिला के पास जाता है. जो उसे यकीन दिलाती है कि मिस्र में उसे छिपा खजाना मिलेगा. इसके बाद उसकी मुलाक़ात एक बूढ़े व्यक्ति से होती है जो वास्तव में सलेम का बादशाह था. बादशाह , सेंटियागो को शकुन- अपशकुन पहचाने वाले पत्थर देता है. इसी के साथ सेंटियागो अपनी भेड़ें बेचकर मिस्र देश कि यात्रा पर निकल पड़ता है. 
                                                                                                       दूसरे भाग कि शुरुआत सेंटियागो के एकल क्रिस्टल व्यापारी कि दुकान में काम करते हुए होती है.जिससे वह पैसे कमा के अपनी यात्रा ज़ारी रख सके. यहाँ सेंटियागो की शकुनो को पहचाने की कला काम कर जाती है. और क्रिस्टल व्यापारी की दुकान पर ग्राहक फिर से आने शुरू हो जाते हैं. क्रिस्टल व्यापारी उसे बताता है कि उसका भाग्य लिखा जा चुका है यानी कि 'मकतूब'. ठीक ग्यारह महीने नौ दिन काम करने के बाद वह उस कारवां का हिस्सा बन जाता है जो पिरामिडों के देश मिस्र जा रहा था. इस कारवां में उसकी मुलाक़ात एक अंग्रेज़ से होती है जो कीमियागिरी सीखने के लिए इन रेगिस्तानों की यात्रा पर निकला है. 
                                                                                       नियति की खोज में सेंटियागो ने धुल भरी आंधियां, खजूर के ऊँचे-ऊँचे पेड़, कई कारवां और सूखे में उम्मीद की ज़िदगी नखलिस्तान भी देखे. सपनों को पूरा करने की दृढ़ इच्छाशक्ति ने उसे क़बेलों में होने वाली लड़ाईयां दिखायीं, उसके प्यार फातिमा और कीमियागार से रोमांचक मुलाक़ात के साथ विश्वात्मा से संवाद करना भी सिखाया था. अंत में वह नियति की खोज में वहां पहुँच जाता है, जहाँ खज़ाना छिपा हुआ था. जब वह अपनी नियति के ठीक सामने होता है तभी उसे पता चलता है की वास्तव में खज़ाना वहां है ही नहीं. खज़ाना तो उस गूलर के पेड़ के नीचे जमीन में था, जहाँ वह दो साल पहले अपनी भेड़ों के साथ आराम किया करता था. सेंटियागो बिना समय गंवाए वापिस लौटकर उस खजाने को पा लेता है और निकल पड़ता है फातिमा को लाने जिससे उसने वादा किया था. 
                                                                                                             ये कहानी पाठकों में उत्साह पैदा करती  है और बताती है कि कैसे कैसे विषम परिस्थितियों में भी नियति से जूझते हुए सपनों को साकार किया जा सकता है.          
                                                                                                                    
               

गुरुवार, 24 मार्च 2011

                                                                ये दोस्ती............
दोस्त,
              आज तुमसे बहुत दिनों बाद मिली हूँ. होली का मौका न होता तो तुमसे मिलना भी न होता. इतनी जिद्दी होने के बाद भी तुम्हारे सामने मेरी एक नहीं चलती. सच है की दोस्ती ऐसा रिश्ता है जिसमे हम एक दूसरे के लिए खुली  किताब होते हैं. जिंदगी के किस पन्ने पर कब क्या लिखा गया हम जानते हैं. जिगरी दोस्तों के साथ यादों के ये पन्ने साझा भी होते हैं. कितने कारनामों को हमने साथ में अंजाम दिया और कौन सी बात कैसे घरवालों से छुपानी है हम अच्छी तरह से जानते हैं. जब भी कोई परेशानी होती है तो सबसे पहले दोस्त ही याद आते हैं. तुम हमेशा कहा करती हो की जिसके साथ दोस्ती होनी हो तो चार दिन भी नहीं लगते. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता की हमने साथ कितना वक़्त बिताया. सच ही कहती थी ,तुम जो भी कहती थी. जब मैं तुमसे मिलने  गयी तो तुम मुझसे मुस्कुराते हुए मिली. लेकिन मैं पहली नज़र में ही समझ गयी थी की ये हंसी बनावटी है. 'कोई बात नहीं है' कहकर तुमने अपनी परेशानी छुपाने की भरपूर कोशिश की लेकिन दोस्त ! आंखें सब बोलती हैं. और कमबख्त आंसू मौका और नजाकत भी नहीं देखते बस निकल आते हैं. तुम्हारे मन की बात मुझे पता है और शायद तुम्हे भी इसका अंदाजा है. लेकिन मैं तब तक चुप रहूंगी जब तक तुम सब कुछ नहीं कह देती. मुश्किल दूर करने का दावा तो नहीं करती लेकिन हम मिलकर इसे आसान करने का रास्ता ज़रूर निकाल लेंगे. इसी का नाम तो दोस्ती है. 
                                                                                              दोस्त! सब मिलने आये  ,लेकिन तुमसे मिलना इस बार भी न हुआ. याद है ! दोनों ने साथ में नर्सरी क्लास में दाखिला लिया था. स्कूल के  पहले दिन हम कैसे रो रहे थे. जब हमारे अन्दर भावनात्मक समझ आनी शुरू  हुई तो अक्सर तुम मुझे तेज बच्चो से बचाने के लिए मेरी तरफ से भिड़  जाया करती थी. हमारी दोस्ती में समोसे की जगह कोई नहीं ले सकता. ज़िदगी के सबसे स्वादिष्ट   समोसे हमने साथ खाए हैं .आज भी जब पुरानी डायरी पलटती हूँ तो तुम्हारे  दिए चिड़ियों के पंख मिलते है, नोटबुक में तुम्हारे बनाये मेरे स्केच आज भी उतने ही जीवंत हैं . उसमें में लिख कर की गई बातें  बोलती हैं. याद है कैसे कैसे आपने से ज्यादा मेरे रिजल्ट की चिंता रहती थी. तुम्हारा बनाया मेरा स्टडी टाइम टेबल आज भी  उस वक़्त को थामे हुए है. कितना कुछ है कहने और सुनने को हमारे बीच. दोस्ती है ही ऐसा अहसास, जिसमे कोई गिले-शिकवे नहीं होते. मुझे यकीन है इस बार जब भी हम एक दुसरे से टकरायेंगे तो शुरुआत हमेशा की तरह गालियों से होगी. ऐसा लगेगा की अभी कल ही तो मिले थे. कुछ देर तक दोनों बीच सड़क पर ही लड़ते रहेंगे, कुछ पल के लिए बस मुस्कुराते रहेंगे और फिर बात समोसे से शुरू होगी . इतने वक़्त में हम दोनों एक दूसरे का हाल-चाल लेना भूल जाएँगे और विदा लेते समय लगभग चिल्लाते हुए पूछेंगे - 'अरे तुमने तो बताया ही नहीं कि कैसी हो?.............'
                                 
                                                                                                                             तुम्हारी दोस्त   

बुधवार, 23 मार्च 2011

                                                    रंग डारूं मैं अरब के लालन पर.....
त्यौहार हम भारतीयों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं .ये त्यौहार हमें हमारी संस्कृति व परम्पराओं को जानने का मौका तो देते ही हैं साथ -साथ उनमे वक़्त के साथ किन बदलाओं की ज़रुरत है ये सोचने का मौका भी देते हैं. कितनी अजीब बात है न कि अधिकतर त्योहारों को मनाये जाने कि वज़ह ये है कि उस दिन किसी को किसी  ने मारा था . जैसे दशहरा हम इसलिए मानते हैं क्योंकि राम ने रावन को मारा, होली  इसलिए कि होलिका धोखे ही सही आग में जलकर मरी और प्रहलाद बच गए. इसी दिन विष्णु ने नरसिंह का अवतार ले हिरण्यकश्यप को मारा. जैसे इस समय गद्दाफी पर हमले हो रहे हैं. जब बात त्योहारों कि हो रही है और रंगों  का ज़िक्र न हो ऐसा हो नहीं सकता. रंगों को गिनती में समेटा नहीं जा सकता. जितनी आँखें उतने रंग. हर नज़रिए का अलग रंग होता है. इन्द्रधनुष के सात रंग हैं ,तो तिरंगे के तीन रंग ही हमें देशप्रेम के रंग में रंगने के लिए काफी  हैं. प्रकृति के  बेहिसाब रंग दुनिया की तस्वीर पर बिखरे पड़े हैं. ये कभी खुशियों के रंगों का अहसास  कराती है, तो कभी जापान की तबाही जैसे रंग बार- बार हम इंसानों की करतूतों पर नए सिरे से सोचने को मजबूर करते हैं. अगर विकिलीक्स के समाजवादी रंग पूरी दुनिया के दबंगों को लाइन से लगाये हैं तो दूसरी ओर राजनीती के रंग किसी भी अच्छे- भले देश को बेड़ा गर्क करने के लिए काफी हैं. ये तो रही रंगों की बात. अब तक मैंने अपने जीवन की बीस होलियाँ देखी हैं . लगभग आठ -दस पूरी मस्ती के रंग में मनाई भी हैं. कुछ सालों से न तो रंग खेला और न ही वो होलीपना देखने को मिला था. लेकिन इस बार दुनिया के रंग ऐसे हैं कि मेरा भी रंग डालने का मन हो गया. इसी बहाने होली भी दिवाली की तरह इंटरनॅशनल हो जाएगी. होली का सबसे पहला रंग मैं अरब की जनता पर डालूंगी, उनका  हौसलाफजाई करने के लिए .लोकतंत्र का ऐसा  गुलाल पहले तो कभी न उड़ा था इधर. फिर बारी आएगी गद्दाफी साहब की जिन पर शांति और अहिसा का रंग डाला जायेगा जो यकीनन उन्हें मुक्ति-मार्ग  का रास्ता दिखायेगा . लेकिन कुछ लोग इतने चिकने घड़े होते हैं जिन पर कोई रंग चढ़ने का नाम ही नहीं लेता. एक मुखौटे को  बेरंग करो तो दूसरा चढ़ा लेते हैं. इसीलिये समानता और मानवता का रंग की उसे बहुत ज़रुरत हैं. वो दादा बना फिरता है. उसके लोग स्पेशल हैं.दुनिया के सैकड़ों इंसान उसके एक  नागरिक के बराबर हैं. कही कोई आफत आये तो सबसे पहले अपने लोगो को बाहर निकलेगा. तमाशा तो बाद में शुरु होता है.अब तक तो आप जान ही गए होंगे की मैं किसकी बात कर रही हूँ? अरे वही  अफगानिस्तान वाला ,जो इराक में अभी तक फंसा पड़ा है. पकिस्तान का लंगोटिया यार. ये तो कहो मिस्र और बाकी देशो में लोकतंत्र  की ऐसी बयार चली है की अमेरिका के खुद के पांव उखड़ने लगे. अब उसे कौन समझाए की 'बोया पेड़ खजूर का तो आम कहाँ से होय'.इसीलिए इस पर तो वीकीलीक्स मार्का रंग डालना पड़ेगा. ये तो कहो हमारे त्यौहार ऐसे हैं जो दुनिया के इतने रंग हम देख रहे हैं. तो फिर लग जाईये रंगों को समझने में क्योंकि आने वाले समय के रंग बड़े बड़ों -बड़ों को रंग डालेंगे.                
             

सोमवार, 21 मार्च 2011


सोचती हूँ जब तुम जिंदगी में आओगे 
पूछेगा कोई तो क्या बताओगे 

दावा करना न मुझको समझ लेने का ,
वरना खुद को भंवर में फंसा पाओगे ,
दोष देना न मुझको, कुछ न बताने का
महसूस  कर के तो देखो  
हर शब्द में अपनी ही झलक पाओगे
सोचती हूँ जब तुम जिंदगी में आओगे 
पूछेगा कोई तो क्या बताओगे 

उम्मी हूँ मैं दुनियादारी में  
क्या इस सच को झुठला पाओगे
नज़र भर के देखने की मुझे
कोशिश न करना कभी
हर बार एक नयी शक्ल पाओगे
सोचती हूँ जब तुम जिंदगी में आओगे 
पूछेगा कोई तो क्या बताओगे 

तोड़ने की आदत है मेरी रस्मो रवाज़ों  को
साथ खड़े होने की रस्म निभाओगे  ?
कर के  मेरी  गलतियों  को नज़रंदाज़ 
ग्यारहवें बेटे क्या मेरे बन पाओगे
तैयार बैठी हूँ कब से, सूरज बन के चमकने को
चाँद बन के मेरा कहीं तुम तो न शरमाओगे ?
सोचती हूँ जब तुम जिंदगी में आओगे 
पूछेगा कोई तो क्या बताओगे 

शनिवार, 12 मार्च 2011


                                                         चवन्नी  तुम  बहुत  याद  आओगी 
आज  चवन्नी छाप  लेख  लिखने  का  मन  कर  रहा  है . जब  मैं  चवन्नी भर  की  थी , तो  पापा  से  बस  चवन्नी  माँगा   करती  थी ,न  इससे  कम - न  इससे  ज्यादा  पर   राज़ी  होती  थी . चवन्नी  की  कम्पट भी  मिल  जाया  करती  थी  और  चूरन  की  पुड़िया  भी . चवन्नी  न  मिले  तो  मज़ाल  थी  कि  स्कूल  चली  जाऊं  . जब  से  पता  चला  है  कि  सरकार  ने  चवन्नी  को  बाज़ार  से  वापस  ले  लिया  है , चवन्नी  पर  टिकी  मेरी  यादें  धुंधली पड़ने  लगी  हैं . इससे  पहले  कि  ये  पूरी  तरह  से  मिट  जाएँ ; सोचा  क्यों  न  इस  पर  कुछ  लिखकर  चवन्नी  के  इतिहास  का  हिस्सा  बन  जाया  जाये .
                                                                                                चवन्नी  तुम्हारे  जाने  पर  मुझे  बहुत  ज्यादा  हैरानी  नहीं  हुयी , तुम्हे  तो  एक  दिन  जाना  ही  था . जैसे दिल्ली  जैसे  शहरों  में  चवन्नी  की हैसियत  वाले  लोगों  की  कोई  जगह  नहीं . सरकारी  योजनाओं  में  इन्हें  चवन्नी भर की  जगह  भी  नहीं  मिलती . घोटाले  भी  हजारों -करोड़ों  में  हो  रहे  हैं . चवन्नी  के  घोटाले  कोई  करता  नहीं , इसलिए  लोगो  को  बड़ी  चीज़े  ही  याद  रह  गयीं . तुम्हारे  जाने  का  अगर  किसी  पर  असर  हुआ  है  तो  वो मंदिरों  के  सामने  बैठे  भिखारी हैं . चवन्नी  जब  तुम  थीं  तो  लोग  चवन्नी  इसी  लिए  रखा  करते  थे . दान - पुण्य  का  बहीखाता  भी  चालू  रहे  साथ  में  हर्र  लगे  न  फिटकरी  और  रंग  भी  चोखा  आता  था . संसद  में  नेता  जिस  चवन्नीपने पर  उतर  आते  हैं , उनके  लिए  आम  आदमी  से  जुड़ने  का  एक  जरिया  तुम  ही  तो  थी . तुम  अगर  सड़क  पर  पड़ी  हुयी  होगी  तो  तुम्हे  कोई  उठाएगा  भी  नहीं , जैसे  मथुरा - वृन्दावन  में  कमाऊ  बेटे, चवन्नी  की  गति  पा चुके  अपने  मां -बाप  को  नहीं  पूछते . अगर  बहू  दहेज़  में  चवन्नी  लाये  तो  उसका  क्या  होगा ? इसलिए  तुम्हारा  जाना  ठीक  भी  रहा . न  रहे  बांस ; और  न  बजे  बांसुरी . छोटी चीज़ों  की  समाज  में  कोई  इज्ज़त  नहीं . चाहे  फिर  वो  तुम  हो  या  आम  आदमी  . वो   इस  व्यवस्था  में  गाली  हैं . इसलिए तो तुम  भी  चवन्नी छाप  कहलाई . चवन्नी  कहीं  की .
                                                                                                     जो  कुछ  भी  हो  चवन्नी  जी , आपके  लिए  मेरे  मन  उतनी  ही  इज्ज़त  है . आखिर  आपके  दम  पर  ही  तो  मैं  दोस्तों  से  चवन्नी  की  शर्त  लगाया  करती  थी . स्कूल  के  रास्ते  में  पड़ने  वाले  मंदिर  में  चवन्नी  चढ़ाकर  ही  पिटने  से  बच  जाया  करती  थी  और  वापस  लौटने  पर  उठा  लिया  करती  थी . उपरवाले  को  गोली  टिकाना  की  हिम्मत  तुम्ही  ने  तो  दी  थी . लेकिन  इसका  दोषी  तुम  खुद  को  कतई  मत  मानना .वो  गलती  उस  उपरवाले  की  थी . उसे  अपनी  दुकान  में  'चढ़ा  हुआ  माल  वापस  नहीं  होता ' का  साईन-बोर्ड लगाना  चाहिए  था . सुना  है  कि तुम्हारी  बड़ी  बहन  अठन्नी  भी  जाने  वाली  हैं . मैंने  अभी  से  तुम्हे  और  तुम्हारी  बहन  को  संजो  कर  रखना  शुरू  कर  दिया  है . जब - जब  अपने  बचपन  को  याद  करूंगी - गाँव  की  चकरोट पर  गिल्ली -डंडा ,  छुप -छुप  के  नौटंकी  देखने जाना , चिड़ियों  के  पंख  इकट्ठे  करना , बाग से  अमरुद  की  चोरी  करना  और  फिर  पकडे  जाने  पर  मिली  पिटाई  के  साथ - साथ  चवन्नी  तुम  भी  बहुत  याद  आओगी .