मिग ले लो मिग, मिग ले लो मिग. पुराना टूटा फूटा अन्दर से खोखला, संयुक्त प्रयास से बना मिग. मिग २१ लो या २९ सबका एक ही काम, एक ही खूबी. रूस आवाज़ लगा लगाकर बेंच रहा है और भारत उसे पाने के लिए मचलता रहता है कि रसिया मैं तो मिग वाला खिलौना लेहौं. भले ही एयरपोर्ट पर सजावट के लिए खड़ा कर दूं, पडोसी को डराऊं कि मेरे पास मिग ही तेरे पास क्या है । । हैं। खूबी तो सुनो ऐसा वैसा मिग नहीं है। । । पहली बात तो आसानी से उड़ता नहीं और जब स्टार्ट हो जाता है तो बीच आसमान में धोखा देता है। बेचारा पायलट चेन पुलिंग भी नहीं कर सकता। जान तो जाती ही है उस पर से इलज़ाम भी उसी पर। होना तो ऐसा चाहिए कि मिग पर लर्निंग लिखवा लें जिससे दुर्घटना होने पर कोई लोचा न होने पाए। खिडक़ी खोल कर भागा भी नहीं जाता। ये तरकश का वो दिखाऊ तीर है जिसे रखने में बड़ा खर्च आता है। हमारे जो सैनिक अकेले दम पर दस दस आदमियों पर भारी पड़ते हैं वो इस मिगनुमा खिलौने से हार जाते हैं। एक बात तो तय है कि जाको राखे मिग मियां मार सके न कोय। रूस बेचारा क्या करे उसके यहाँ जगह कम पड़ जाती है इसीलिए इण्डिया से कह देता है कि बहन रख लो बाद में दे देना तुम पर हमें पूरा भरोसा है। पैसे न हो तो पायलटों की जान के बदले ले लो। पायलट की जान तो तुम्हारे यहाँ वैसे भी सस्ती है। उन्हें दे देना कोई पदक वदक या पेट्रोल पम्प। बड़े साहसी होते है तुम्हारे पायलट जिनको उड़ाने का खतरा हम नहीं उठाते उन्हें तुम पैसे देकर उठती हो। बदले में ऐलान कर देंगे कि संयुक्त तकनीक से बनाया है। भले ही तुम खाली नट बोल्ट कसना पर बनेगा तो संयुक्त तकनीक से न। संयुक्त तकनीक भी बड़े काम की चीज होती है। हमारे यहाँ ये खूब चलन में है। जब विमान संयुक्त रूप से बनते हैं तो बहुत कुछ संयुक्त रूप से होता है जैसे पैसे का लेन देन। खरीद के कागज़ भी संयुक्त रूप से बांट दिए जाते हैं जिससे कि किसी एक को जवाब न देना पड़े। जाँच हो तो संयुक्त रूप से कागज़ चोरी हो जायें। अब तो समझ में आ गया हो कि मिग कोई ऐसा वैसा खिलौना नहीं है। संयुक्त तकनीक वाला खिलौना है। तो मिग ले लो मिग, संयुक्त तकनीक वाला मिग।
गुरुवार, 7 जून 2012
तरक्की आखिर किस कीमत पर
पिछले कुछ दशकों में इंसान ने बहुत तेज़ी से तरक्की की है। ये तरक्की उसके रहन-सहन से लेकर जीवन के हर क्षेत्र में परिलक्षित होती है। विज्ञान और तकनीक के दम पर मानव ने जीवन को आसान और बेहतर बनाया है। समाचार पत्रों में हर दिन ऐसी खबरें छपती हैं जो नयी तकनीक व अविष्कारों से सम्बंधित होती हैं और जीवन अधिक बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इन सबका एक अन्य पहलू यह भी है कि ऐसा कोई दिन खाली नहीं जाता जब हमें ये सुनने को न मिले कि आज फलां जगह किसी ने आत्महत्या कर ली, तो कोई रिश्तों कि परवाह किये बिना पैसों के लिए अपनों को ही मौत के घाट उतार देता है। पिछले कुछ दिनों में ऐसी ही खबरें सुनने को मिलीं जो समाचार पत्रों के लिए एक या दो कॉलम की सामान्य खबर की तरह ही रहीं पर यदि इन घटनाओं की तह में जाने की कोशिश करें तो पाएंगे कि हमारे सामाजिक मूल्यों और ढांचे में ऐसा बदलाव आ रहा है जो हमें कुंठा और हताशा के गहरे गर्त में धकेल रहा है। लखनऊ के गाजीपुर में 19 मई को 62 की उम्र में निर्मल मुखर्जी ने फांसी लगा ली,कारण घर बनवाने के लिए बैंक से लिया गया कज़ऱ् नहीं चुका सके। इसी तरह एक युवक ने महज़ इस वजह से मौत को गले लगा लिया क्योंकि काम पर न जाने को लेकर उसकी मां ने डाँटा था। कानपुर में एक 25 वर्षीय युवक ने बेरोजगारी से तंग आकर खुद को गोली मार ली और आगरा में 6 माह की बच्ची के साथ हुई दुराचार की घटना ने तो इंसानी हैवानियत की सारी हदों को पार कर दिया। ये सभी घटनाएं समाज में अपनी जड़ें जमाती कुंठा का नतीजा हैं। मनुष्य अपनी सारी समस्याओं और दुश्वारियों का हल एकमात्र आत्महत्या में तलाशने लग गया है। प्रेम-संबंधों में असफलता हो या बेरोजगारी या फिर घरेलू-कलह इन सबका हल आत्महत्या द्वारा चाहते हैं। आज जब हम इक्कीसवीं सदी में प्रवेश कर चुके हैं, 2020 तक भारत विकसित राष्ट्र बनने का सपना संजोये हैं और रक्षा उपकरणों के विश्व में सबसे बड़े खरीदार होने के साथ-साथ एक के बाद एक मिसाइलों का परीक्षण कर दुनिया को अचंभित कर रहे हैं। जिस देश को विश्व गुरु माना जाता है और पश्चिमी देश भी उसके आध्यात्मिक ज्ञान का लोहा मानते हों, वहां के समाज में इस तरह का अवसाद पनप रहा है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर किस तरक्की की ओर हम भाग रहे हैं? ऐसी उन्नति के क्या वाकई कोई मायने हैं जो मानसिक शांति न दे सके। यक़ीनन ओवन में हमें खाना गर्म रखने की सुविधा विज्ञान ने दी लेकिन रात को चौके में बिठाकर मां के हाथों से रोटी खाने का सुख हमें दुनिया की कोई भी तकनीक नहीं दे सकती।रोबोट हमारे रोजमर्रा के सभी काम निपटा देगा पर रिश्तों की गर्माहट और सुरक्षा का भाव नहीं दे सकेगा। एक क्लिक पर हम दुनियाभर की खबर रखते हैं। एन्जिलिना जोली क्या खाती और क्या पहनती हैं ये तो हमें पता रहता है पर पड़ोस में कब कोई मर जाता है इसकी जानकारी हमें नहीं होती। फेसबुक पर हम वर्चुअल समाज के चौबीसों घंटे सक्रिय सदस्य हैं। शायद बेहद निजी पलों को छोडक़र हर पल की खबर स्टेटस अपडेट का हिस्सा है। वास्तविक समाज से कब कट गए इसकी भनक तक नहीं लगी। विज्ञान ने जहाँ जीवन को बेहतर बनाया है वहीं इसके दुष्प्रभाव भी कम नहीं हैं। भ्रूणहत्या, विनाशकारी हथियारों और नए-नए आधुनिक उपकरणों की चाहत में बढ़ता लालच अपराधों को बढ़ावा मिलता है। हमने विकास के पैमानों को पश्चिम की तजऱ् पर निर्धारित कर लिया है। इसे निर्धारित करने वाले पढ़े-लिखे लोग ये नहीं जानते कि ऑस्ट्रेलियाई किसान और भारतीय किसान को एक चश्मे से नहीं देखा जा सकता। जरुरी नहीं कि जो तकनीक वहां सफल हो यहाँ भी हो जाये। मानव सभ्यता के काले इतिहास में दर्ज हो चुके नागासाकी-हिरोशिमा की त्रासदी को कोई नहीं झुठला सकता और इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि इंसान तरक्की की चाहत में किसी भी हद तक जा सकता है। ये सही है की वक़त के साथ बदलाव बेहद जरुरी हो जाते हैं लेकिन किसी भी तरह के बदलाव के लिए तैयार होने से पहले इस बात पर ज़रूर गौर किया जाये कि आखिर ये बदलाव हम किस कीमत पार चाहते हैं? क्या अन्नदाता तमाम एकड़ उपजाऊ जमीन की कीमत पर या उनकी आत्महत्या के बदले, केजीएमयू में पढऩे वाले उस होनहार छात्र की जान के बदले जो अंग्रेजी न आने पर हीनभावना का शिकार था, या उन तमाम दोषियों को बेगुनाह छोडक़र जिनकी मानसिक कुंठा की शिकार मासूम बच्चियां तक बनती हैं? ऐसे तमाम सवाल हैं जिनके जवाब तरक्की की अंधाधुंध दौड़ में बहुत पीछे छूट गए हैं और हमारे तथाकथित सभ्य समाज को मुंह चिढ़ाते हैं।
इन समस्यायों की वजह तलाशें तो कहा जाता है कि परिवार व्यक्ति की प्रथम पाठशाला होता है और मां उसकी पहली शिक्षक। अफ़सोस की बात है कि इस पाठशाला पर टीवी संस्कृति हावी हो चुकी है। इस बुद्धू बक्से ने ड्राइंग रूम से ज्यादा हमारे संस्कारों में घुसपैठ की है,जिसके पारिवारिक सीरियल्स की कहानी प्रतिशोध, सास बहू के पारिवारिक झगड़ों और विवाहेतर संबंधों के इर्द-गिर्द घूमती है। ऐसी कहानियों संस्कारों की उम्मीद करना बेवकूफी होगी। घर के बाद बच्चा स्कूल में जीवन के नए पाठ सीखने जाता है। नब्बे प्रतिशत गांवों में बसने वाले भारत के स्कूल खस्ताहाल हैं। बुनियादी सुविधाओं के साथ शिक्षक भी इन स्कूलों से नदारद मिलते हैं। इससे इस बात का सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि हम शिक्षा के क्षेत्र में शून्य से भी कितने पीछे हैं। इन दो जगहों से अधकचरा ज्ञान लेकर जब बच्चे कॉलेज में पहुँचते हैं तो वहां भी उन्हें ठगा जाता है। एक सुसंस्कृत और सभ्य- समाज के लिए हमारे प्रयास कितने खोखले और कछुआ चाल से चल रहे हैं। इसका सुबूत देश में पनप रहे क्षेत्रवाद और नक्सलवाद जैसी समस्याओं से मिल जायेगा। इन सबसे ज्यादा जि़म्मेदारी हमारी खुद की बनती है। अगर हर नागरिक अपना काम ईमानदारी से करे तो आधी समस्याएं स्वत: हल हो जाएँगी।
सोमवार, 28 मई 2012
अश्लीलता और श्लीलता के बीच का फर्क
पूनम पांडे,वीना मालिक, पाउली और ये वो नाम हैं जिनकी न तो शक्लें मिलती हैं और न ही इनका आपस में कोई रिश्ता है ;पर एक चीज जो इन चारों में कॉमन है वो है इनकी स्वयं तय की गयी श्लीलता..इन चारों ने सफलता के शिखर तक पहुँचने के लिए जो तरीका अपनाया है वो आसानी से गले उतरता नहीं दिख रहा...पूनम पांडे; वीना मालिक और अब पाउली डैम वैसे तीनों ने भारतीय दर्शकों मानसिकता की नब्ज़ पकड़ी है. स्त्रीदेह हमेशा से ही हमारे समाज में चर्चा करने योग्य सर्वाधिक सुलभ विषय माना गया है.औरतें क्या पहनें, कितनी मात्रा में पहने,कितनी ढंकी और कितने इंच खुली रहे ये सभी विषय हमेशा से सामाजिक बतकूचन में शोध का विषय रहे है. पर दु:ख की बात यह है कि हम किसी नतीजे पर नहीं पहुँच पाए हैं .जो खुलापन अजंता एलोरा और दैवीय प्रतिमाओं के रूप में हमारी संस्कृति से मिला था उस सहेज कर न रख पाने का ही यह परिणाम है कि आज स्त्रीदेह को हम सहज तरीके से नहीं ले पा रहे. जब अजंता एलोरा की संस्कृति पर हम गर्व करते हैं तो क्यों पूनम और पाउली के नामों पर असहज होने लगते हैं. एक कहावत कही जाती है कि स्त्री और धन छुपा कर रखने की चीज़ होती है. पर ये बात भी नहीं भूलने चाहिए कि स्त्री धन की तरह कोई खर्च करने की चीज़ भी नहीं है.और फिर हमने तो बाज़ारवाद को स्त्रीदेह का पूरक बनाकर रख दिया है.साबुन से लेकर शेविंग क्रीम तक का विज्ञापन कुछ भी बिना स्त्री के नहीं बिकता.अब तक स्त्री देह का प्रयोग जैसा बाज़ार चाहता था वैसा करता आ रहा था.ऐसे में अगर कुछ स्त्रियाँ अपनी देह पर अपना अधिकार चाहती हैं तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए. श्लीलता और अश्लीलता के बीच बड़ी झीनी परत होती है, हमारी नजऱों की और मानसिकता की अगर ऐसा न होता तो कृष्णलीला के गुणगान न करते. कोई क्या पहन रहा है ये उसकी निजता के विषय होने चाहिए चर्चा का विषय नहीं. कम कपड़ों को लेकर दलील ये दी जाती है कि इससे रेप के मामले बढ़ते हैं.अगर ऐसा होता तो बूढी महिओलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं नहीं होती.जहाँ चोली के पीछे क्या है, और खटिया सरकाने जैसे गाने साहित्यिक श्रेणी में आते हों और मजे की बात यह है कि पब्लिक उसे पसंद भी करती हो वहीँ ड्रेस कोड और डरती पिक्चर पर हाय तौबा मचाना नौटंकी लगता है.पर यह भी सच है कि खुलेपन का मतलब सिर्फ देहप्रदर्शन से नहीं लगाना चाहिए.खुलापन हमारी सोच और मानसिकता में होना चाहिए. जो समाज को वास्तव में कोई दिशा दे सके.
सोमवार, 30 अप्रैल 2012
जय बाघवातार जी
बाघ जी आप के शुभचरण क्या पड़े रहमानखेड़ा की धरती पावन हो गयी. पूरे 111 दिन का वास रहा इससे साबित होता है कि आप किसी ख़ासमखास उद्द्येश्य के साथ अवतरित हुए थे। बिना गड्ढे की सडक़ जैसे झलक दिखाकर गायब हो जाते थे। जब भी लगता की आपके होने का ये वहम भर है तो पोलियो के मामलों की तरह कभी यहाँ तो कभी वहां पाए जाते। वो कहावत भी तेल लेने चली गयी कि इलाका कुत्तों का होता है।। आपने घूम घूमकर अपना इलाका बता दिया। वो तो भला हुआ कि दिल्ली न गए वरना वो भी आपकी हो जाती। आप अवतरित न हुए होते तो पता भी न चलता कि बाघ बचे हैं। बाघ जी भला हो आपका। कुछ जनें बता रहे थे हमें कि आपके कारण उनकी जनरल नॉलेज बढ़ गयी। किताबों में पढ़ा था कि बाघ राष्ट्रीय पशु है आपकी कृपा से अब देख भी लिया। आपकी जि़म्मेदारी का भी जवाब नहीं बाघ जी,चुनाव से पहले आप अवतरित हुए,बाकायदा चुनाव करवाया और सरकार को कार्यभार दिलवा के गए हैं। आप तो नेता टाईप के शहंशाह निकले। अपनी आराम तलबी पर करोड़ों का खर्च करवाया। बाघावतार से ही वन विभाग कर्मचारियों का टैलेंट पता चला। बड़े दिनों से आपको शीशे में उतारने की कोशिश कर रहे थे पर चुल्लू भर पानी में उनके मुंह दिखाकर आपने औकातदर्शन करवाया कि बाघ पकडऩे चले हो फर्जी की मुठभेड़ करने नहीं। इसी बहाने हमारा हद निकम्मापन भी उसी चुल्लूभर पानी में उतराने लगा। टाईगर सफ़ारी के सपने उसी तरह से परवान चढ़े जैसे राहुल गाँधी के दम पर देश से गरीबी हटानी हो। वो तो भला हो कि आपने बैरक में लौट जाने का फैसला ले लिया वरना सेना बुलाने के आसार नजऱ आने लगे थे। हर तरह के आपरेशन में तो उसकी जरूरत पड़ती है। कभी प्रिंस आपरेशन तो कभी कोई और आपरेशन। कुछ दिनों में तो राशन की लाईन लगाने के लिए भी सेना न बुलानी पड़े। कईयों को आपने नक़ाब पहना दिया। जानवरों के नाम पर पेट भरने वाली पेटा दर्शन करने तक नहीं आई। पूनम पाँडे की तरह कोई चाल न चली सुखिऱ्यों में आने की ख़ातिर बस अपनी नैचुरल चाल चलते रहे। वनाधिकारी आपकी चरण रज माथे लगाते रहे और ताजे बासी के फेर में पड़े रहे। एक से एक पोज दिए कैमरे को, पर पिंजरे वाला दुर्लभ पोज 111 दिन बाद ही नसीब हुआ। रूपकली और चम्पाकली भी आयीं। पर बड़ा संयम बरता आपने भी दोनों के झांसे में नहीं आये। आपके बहाने नेताओं को भी कुछ एडवेंचरस करने का मौका मिल गया। जिनकी नेता बनते ही जान पर बन आती है, वो भी जनता की समस्या सुनने के नाम पर पिकनिक मना आये। अब जब भी बाघ आये तो घबराना मत क्योंकि किसी ख़ासमखास उद्दयेश्य के लिए अवतरित होगा। बाघ जी भला हो आपका जो हमारे ज्ञानचक्षु खोल दिए।बुधवार, 25 अप्रैल 2012
प्लीज़ बनवा दीजिये न
मंगलवार, 24 अप्रैल 2012
आधी आबादी का सच
लखनऊ। 17 अप्रैल को मोहनलालगंज के अतरौली गाँव में घर के सामने खड़ंजे पर पगली (विक्षिप्त महिला) ने फूल जैसी बच्ची को जन्म दिया। करीब दस साल पहले दिमागी संतुलन खऱाब हुआ तो उसने अपनी ससुराल छोड़ दी। विक्षिप्त अवस्था में आने के बाद ........ (यहाँ पर मैंने समाचार पत्रों में प्रयोग होने वाले शब्द दरिंदा, वहशी आदि का प्रयोग जानबूझ कर नहीं किया क्योंकि ये सब भी हमारे समाज का ही हिस्सा हैं और समाज को ये कहना शायद कई लोग पचा न पाएं) ने उसके साथ दुराचार किया। वह इससे पहले भी दो बेटों को जन्म दे चुकी है। एक बेटा अहिमामऊ व दूसरा नगराम में एक रिश्तेदार के पास है। गदियाना गाँव में ब्याही इस पीडि़ता के पति से तीन बच्चे भी हैं पर अफ़सोस सबने उसे ये दिन देखने के लिए छोड़ दिया।
19अप्रैल को सुलतानपुर में एक पिता ने अपनी सात माह की दुधमुंही बच्ची को पटक कर मार डाला।
हाल ही में इलाहाबाद के ममफोर्डगंज बाल निराश्रित गृह में बच्चियों के साथ वहीं के कर्मचारियों ने दुराचार किया।
इसी तरह लखनऊ में ही एक पिता ने अपनी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी क्योंकि लडक़ी गूंगी थी और उसके साथ दुराचार करने वालों का नाम बता पाने में असमर्थ थी।
20अप्रैल को ग्वालियर में चार बहनों ने अपने पिता के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है कि उसके पिता उन्हें बार-बार बेचने की धमकी देते हैं।
20अप्रैल को ही गुडग़ाँव में एक व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों सहित पत्नी का क़त्ल कर दिया फिर खुद को भी फंासी लगा ली। कारण नौकरीशुदा बीवी के चरित्र पर शक।
18अप्रैल को बाराबंकी में एक पिता ने पुत्र के साथ मिलकर अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया।
यही नहीं गुजरात में एक महिला ने बेटे की चाहत में अपनी ही बेटी को अपनाने से इंकार कर दिया।
20अप्रैल को पुरानी दिल्ली के लाहौरी गेट के रहने वाले जावेद तारिक ने अपनी बीवी इफ्तहयात को ज़हर दे दिया। उसका कुसूर बस इतना था कि उसने बेटी को जन्म दिया था। ये वही बड़े दिलवालों की दिल्ली है जहाँ की मुख्यमंत्री, देश को चलाने वाली सत्ताधारी पार्टी की अध्यक्ष, राष्टï्रपति और विपक्ष की कद्दावर नेता भी एक महिला हैं।
ये घटनाएं महज़ बानगी भर हैं। अधिकतर हमारी संस्कृति के पुरोधा ये मानते हैं पश्चिमी सभ्यता औरतों को सम्मान नहीं देती। ये घटनाएं हमारे उस सभ्य समाज की ‘जहाँ यत्र नार्यस्तु पूज्यते रमन्ते तत्र देवता’ का गुणगान गाया जाता है। ये श्लोक मनुस्मृति से लिया गया है यानि किजहाँ नारियों की पूजा होती है वहां देवता निवास करते हैं। मनु स्मृति का ये श्लोक नारियों की पूजा की बात करता है तो हाँ बिल्कुल! हमारी संस्कृतिस्त्रियों की पूजा करती है। ये वही संस्कृति है जहाँ पैंतीस साल के आदमी की आठ साल की लडक़ी के साथ करवाना जायज़ ठहराती है, हाँ ये वही संस्कृति है जहाँ ये कहा जाता है कि रजस्वला होने पर यदि लडक़ी मां-बाप के घर रहे तो माता-पिता नर्क के भागीदार होते है और इसमें भी कोई शक नहीं कि ये वही संस्कृति है जिसमें वेदों को पढऩे का अधिकार स्त्रियों को नहीं दिया गया था सिर्फ पुराण सुनने का अधिकार दिया गया था। आधुनिक काल तक जिस संस्कृति की सोच ये थी यदि स्त्रियों ने पाश्चात्य शिक्षा प्राप्त कर ली तो वे विधवा हो जाएँगी और पति को अपने काबू में रखेंगी। जब भ्रूण हत्या प्रचलन में न थी यदि मान लिया जाये कि तब सौ में से पैंतालिस प्रतिशत महिलाएं थीं उनमें से बस यही तीन नाम लोपामुद्रा, घोषा,मैत्रेयी और अपाला मुख्य रूप से आते हैं जबकि ऋषि मुनियों के खाते में बहुतेरे वेद पुराण आते हैं। जहाँ की आधी आबादी में से केवल तीन या चार नाम निकलते हैं। तो कल्पना कीजिये उस माली के लगाये सौ पौधों में से यदि सिर्फ तीन में फूल आते हैं तो माली बहुत अच्छा है या वो तीन जिन्होंने अपने संघर्ष से सब हासिल किया। श्रेय किसे दिया जाए? जहाँ अहिंसा परमो धर्म है और इंसानियत व दान पुण्य के किस्से स्वर्ग नरक तय करते हैं उस देश में महिलाओं की हालत का अंदाजा आप सहज लगा सकते हैं। मैं किसी नारीवादी की तरह सारा दोष पुरुषों पर नहीं मढऩा चाहती बल्कि दोष तो हमारी समाज व्यवस्था और ढोंगी संस्कृति का है। वह संस्कृति जिसमें सूर्यदेवता कुंती को दान स्वरूप कर्ण जैसा तेजस्वी योद्धा देते हैं, गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या के रूप पर मोहित होकर इन्द्र छद्मवेश का मायाजाल रचते है, फिर अहिल्या गौतम ऋषि के श्राप से पत्थर बन जाती है और उद्धार के लिए मर्यादापुरुषोत्तम राम आते हैं, जिनकी खुद की पत्नी सीता को अग्नि परीक्षा के बावजूद महल छोडऩा पड़ता है। जहाँ स्त्री की कोख की उर्वरता को तो पूजा जाता है पर उसकी कोख को उस कटोरे से कम नहीं आँका जाता जिसके भरने और खाली होने में ज्यादा फर्क नहीं किया जाता। इस भारत भूमि पर उगे हर धर्म का सार इंसानियत है। यहाँ इंसानियत के नाते सडक़ पर बच्चा देती गाय के लिए ट्रैफिक जाम हो सकता है पर किसी पगली औरत पर किसी का ध्यान नहीं जाता जो साल-दर -साल तीन बच्चों की माँ सडक़ पर बनी हो। शायद यहाँ औरत को सिर्फ मादा समझा जाता है। हमारे समाज में सभ्यता के पैमाने कपड़ों से तय किये जाते हैं। मैं ये नहीं कहती कि औरतें सिर्फ छोटे कपड़े पहनेें या फिर शराब या सिगरेट पीना शुरू कर दें लेकिन यदि बराबरी की बात छिड़े तो फिर सब पर लागू हो। यदि जींस या छोटे कपड़े पहनने से अश्लीलता को बढ़ावा मिलता है तो फिर उन पुरुषों को क्या कहा जायेगा जो कभी भी कहीं भी खड़े होकर निपट लेते हैं। औरतों के ऊपर मान-मर्यादा की लिजलिजी केंचुली किस कदर चढ़ा दी गयी हैं इसका नमूना हमारे समाचार-पत्रों के उस शीर्षक से पता चलता है जिसमें चार बच्चों की माँ प्रेमी संग फरार हो जाती है। कहने को तो अमृता प्रीतम जैसी स्त्रियों को भी ये समाज पचा नहीं पता जिन्होंने साहिर और इमरोज़ के साथ अपने संबंधों को समाज के सामने स्वीकार किया। एक आम शादीशुदा महिला प्रेमी संग फरार ही हो सकती है। आम तौर पर ये खबरें कभी संज्ञान में नहीं आतीं कि चार बच्चों का बाप फरार। यहंा एक मां पुत्र की लालसा में अपनी ही बेटी को अपनाने से इनकार कर दे और बच्ची सात दिन तक भूखी रहती है। यदि जानवरों के बच्चों के साथ भी थोड़ा समय बिताया जाए तो लगाव हो जाता है तो फिर बच्चियों को मार देने वाले किस श्रेणी में आते हैं ये आप सब तय करिए? सिर्फ दो धड़ों में बंटा हमारा समाज तीसरे रास्ते के लिए आसानी से तैयार नहीं दिखता। होना तो चाहिए कि ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार कर दिया जाये जिन्होंने कभी दहेज़ लिया हो या अपनी बहू की हत्या की हो या गर्भ में पलने वाली अजन्मी बच्ची को मारा हो। क्योंकि जब तक सामाजिक बहिष्कार नहीं होता तब तक ऐसे लोगों को सबक नहीं सिखाया जा सकता। अगर ऐसी घटनाओं को रोकना है तो हमें संस्कारों की पाठशाला अपने घर से शुरू करनी होगी। सिर्फ बेटी को बचाव के तरीके सिखाने से काम नहीं चलेगा। बेटों को भी वो संस्कार देने होंगे। नारीवादी सिर्फ महिलाएं ही क्यूँ होती हैं नारीवादी पुरुष बनने से अगर कोई बदलाव नजऱ आता है तो इसमें हजऱ् क्या है?
हर लम्हा है ज़िन्दगी
बंद रेलवे क्रॉसिंग अक्सर मेरे धैर्य का परीक्षण करती है। अगर गौर करें तो मिनी इण्डिया के दर्शन रेलवे फाटक के दोनों ओर खड़ी भीड़ में हो सकते हैं और आँखों के सामने से गुजऱती ट्रेन यक़ीनन आपको इनके्रडिबल इण्डिया का भान कराएगी जिसके हर डिब्बे में अलग तरह के लोगों का बसाव मिलेगा, ट्रेन की खिड़कियों से लटके दूध के कैन और खिड़कियों से लटके सफऱ करते लोग। इतना रोमांच तो एवरेस्ट की चढ़ाई में भी नहीं मिलेगा। बख्शी का तालाब से टैक्सी लेते समय एक नजऱ तालाब पर चली ही जाती है। गाँव के बूढ़े पीपल और घर के बुजुर्गों की तरह सबको पहचान देने वाला आज यह तालाब चुपचाप अकेले सिसकियाँ लेता है। टैक्सियों में बजने वाले गाने कई बार मुझे अजनबी भाषा के लगते हैं लेकिन संगीत की कोई अलग भाषा नहीं होती। सहित्य और सिनेमा किसी भी समाज और उसके देशकाल का आईना होते है।
साहित्य और सिनेमा ऐसी दो विधाएं हैं जिनके आधार पर किसी भी देश और समाज के विषय में जाना जा सकता है। दोनों ही उसके बौद्धिक विकास और रचनात्मकता का पैमाना होते है। जहाँ एक ओर फि़ल्में ओर साहित्य उस समाज को समझने का बेहतर उपाय हैं, वहीं दूसरी ओर किसी भी परिस्थति या मनोदशा को दर्शाते है। रंग दे बसंती फिल्म के ‘थोड़ी सी धूल..’ गाने ने जेनरेशन नेक्स्ट के इस अनोखे देशप्रेम का सबको दीवाना बना दिया था। पीपली लाईव की ‘महंगाई डायन’ ने उसे संसद का सबसे लोकप्रिय विषय चर्चा के लिए बना दिया। महंगाई डायन हमेशा से ही समाज में थी लेकिन इतनंी लोकप्रिय पहले कभी नहीं हुयी थी। इन सब उदाहरणों के पीछे का आशय यह है कि हर फिल्म या गाना अपने समय के समाज, परिस्थितिकाल, और मनोदशा का पोषक होता है। फिर चाहे वो हिंदी सिनेमा हो या भोजपुरी या फिर तमिल।
सबके पीछे एक सन्देश या फिर यूँ कह लें कि पूरी कि पूरी विचारधारा छिपी हुयी होती है। इसका सबसे सटीक उदाहरण है टैक्सियों में बजने वाले गाने जो कॉलेज गोइंग्स में टेम्पो टाईप के नाम से मशहूर है। इसी तरह का एक टेम्पो टाईप है ‘अरे रे मेरी जान सवारी, तेरे कुर्बान सवारी..’ और आगे का पूरा गाना टैक्सी चालकों कि मनोदशा और उनसे कि जाने वाली पुलिसिया वसूली को बड़ी ही साफगोई और चालाकी से बयां कर जाता है। ये बताता है कि कैसे पुलिसिया वसूली की खीज वो सवारियों को भूसे के मानिंद ठूंस के निकालते है। भले ही इण्डिया में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का बाज़ार दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा हो लेकिन अब भी ये टैक्सियाँ ही कई शहरों में एक जगह से दूसरी जगह तक पहुँचने का एकमात्र जरिया लाखों लोगों के लिए है। यानि कि अब हमें ये मान लेना चाहिए कि ये टेम्पो टाईप सिर्फ हास परिहास का विषय नहीं है बल्कि इनका भी अपना एक टाईप है. जो बहुत हौले से अपनी बात समाज के हर वर्ग तक पहुंचा रहा है। मजेदार बात यह है कि ये भी भारतीय संविधान का अपना तरीका है जो सभी को अपनी बात कहने की आज़ादी अपने टाईप से देता है। ट्रकों पर लिखे संदेशों के बाद अब ये टेम्पो टाईप भी अपना टाईप बताते हुए ये सडक़ों पर दौड़ रहे है।
टैक्सी के थोड़ा सा रुकते ही छोटे छोटे बच्चे अपने कटोरे में किसी एक देवता की तस्वीर लिए ‘भला होगा’ कहकर पैर पकड़ लेते हैं तो कभी जोड़ा बनाने लगते है। इन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप अकेले ही सफऱ कर रहे है। दिन के साथ इनके कटोरे के देवता भी बदल जाते हैं और कभी कभी तो एक लोहे के टुकड़े भर से भी काम चल जाता है। तभी एक बच्चा ठन्डे पानी का पाउच हाथों में लिए टैक्सी में चढ़ता है। पूछने पर कि कौन सी क्लास में पढ़ते हो बिना देर किये जवाब देता है हम पढ़ते नहीं दीदी पानी बेंचते है। इसके आगे कुछ भी बोलने को बचा ही नहीं था मेरे पास। ये तो बस कुछ दूरी थी जिसने इतना कुछ सिखा दिया। ऐसे तमाम किस्से बिखरे पड़े हैं हमारे चारों ओर पानी बेचने वाले, सडक़ किनारे गृहस्थी जमाने वाले, सिर पर छ: ईंटें रखे और पीठ पर बच्चा बांधे काम करती बिलासपुरिया औरतें कभी महसूस कर के देखिये इनकी जि़न्दगी को, फिर जीवन दर्शन की खोज में किसी आध्यात्म नगरी नहीं जाना पड़ेगा।



